महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अप्रैल। बम्हनेश्वर नाथ के प्रांगण में यज्ञ और शिव कथा जारी है। बम्हनी स्थित बम्हनेश्वर नाथ के प्रांगण में पांच दिवसीय रूद्र यज्ञ व तीन दिवसीय शिव कथा का आयोजन किया गया है। शिव कथा का बखान करते हुए व्यासपीठ से ब्रह्मचारी ज्योतिर्मयानंद महाराज ने कहा कि जब किसी जीव का जन्म होता है, तो वह देव ऋण, ऋषि ऋण और पितर ऋण, तीन ऋणों से ऋणी हो जाता है। आजकल यह चल पड़ा है कि गया तीर्थ जाओ और पिंड तर्पण कर पितर ऋण से मुक्त हो जाओ। गया पिंड करने का स्थान है न कि पितरों से पिंड छुड़ाने का।
उन्होंने कहा कि जब तक जीवन है तब तक पितरों को तृप्त करने के लिए तर्पण श्राद्ध व्यक्ति को करना चाहिए। जब पितर तृप्त होते हैं तो घर में सुख शांति और समृद्धि आती है। उन्होंने देव ऋण के बारे में कहा कि धरती, आकाश, वायु, जल, अग्नि सभी का जीवन में महत्व है। बिना इसके जीवन संभव नहीं और सभी के अधिष्ठाता देव हैं। इसलिए इस ऋण से मुक्त होना है तो मनुष्य को यज्ञ हवन करना चाहिए।
जहां पर यज्ञ हो रहा हो वहां अपने घरों से यज्ञ की सामग्री प्रदान करना चाहिए। साथ ही यज्ञ नारायण की परिक्रमा करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि यज्ञ नारायण की पत्नी का नाम स्वाहा हैए इसलिए जब यज्ञ में स्वाहा.स्वाहा की आहुति दी जाती है तो देव तृप्त होकर आशीष प्रदान करते हैं। व्यासपीठ से ऋषि ऋण का उल्लेख करते हुए ज्योतिर्मयानंद महाराज ने कहा कि सभी ऋषियों के नाम से गोत्र है और हम ऋषियों के गोत्र में जन्म लेते हैं तो ऋषि ऋण से ऋणी हो जाते हैं। ऋषि ऋण से मुक्त होने के लिए उन्होंने बताया कि ऋषियों द्वारा लिखे गए धर्मशास्त्र के अध्ययन, अध्यापन या श्रवण करने ऋषि कर्ज से मुक्त हो सकते हो, इसलिए प्रत्येक प्राणी को कथा श्रवण करना चाहिए।