महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अप्रैल। महासुंद शहर के चौक चौराहे पर सिग्नल लगी है। वाहन चालक चौक पहुंचते ही दाएं बाएं देखते हैं, थोड़ी सी जगह मिलते ही अपनी अपनी गाडिय़ां निकाल लेते हैं। सिग्नल हरा है, पीला है अथवा लाल है, वाहन चालकों को इससे कोई मतलब नहीं। पहले भी यही सिस्टम था।
जहां से जगह मिली, गाड़ी निकाल लो। पर तब कम से कम पुलिस वाले जवानों की खौफ थी कि चालान काट लेंगे। अब तो यह खौफ भी गायब है। पुलिस वाले जवान आराम से कांख में छड़ी दबाएं, तम्बाकू रगड़ते आसपास घूमते रहते हैं। बहुत बार तो जवान दिखते भी नहीं। हर समय कई चालक सिग्नल तोडक़र चौक पार करते हैं। कुछ ही लोग हैं जो नियम का पालन करने रुकते हैं।
महासमुंद में हालात यह है कि यातायात संभालने निकली पुलिस सुबह 11 बजे के बाद चौक चौराहों से नदारद हो जाती हैं। लोगों में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरुकता की भी कमी है। सिग्नल में लाल लाइट जलने के बाद भी बाइक चालक सिग्नल तोडक़र अपनी मर्जी से चौक पार करते हैं। राजेश देवांगन, यातायात डीएसपी की मानें तो सिग्नल लगने के बाद भी यातायात के जवानों की प्रतिदिन ड्यूटी लगाई जाती है। सिग्नल पर जवान रहते हैं और ड्यूटी करते हैं। सिग्नल तोडऩे वालों पर कार्रवाई करने से पहले समझाइश दे रहे हैं, यदि नहीं मानेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन करने चालकों से अपील कर रहे हैं।