महासमुन्द

महासमुंद को अति पिछड़ा जि़ला बनाने का श्रेय भाजपा को-अंकित
17-Apr-2022 3:36 PM
महासमुंद को अति पिछड़ा जि़ला बनाने का श्रेय भाजपा को-अंकित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 पिथौरा, 17 अप्रैल।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंकित बागबाहरा ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि विगत दिनों महासमुंद जिले में आये केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी नीति आयोग द्वारा महासमुंद को आकांक्षी जिला बनाने पश्चात समीक्षा करने आये थे। अंकित ने बताया कि देश के अत्यंत पिछड़े 117 जिलों में महासमुंद को शामिल किया जाना अपने आप में 2003 से 2018 तक की 15 साल की भाजपा सरकार द्वारा महासमुंद जिले की की गई उपेक्षा को प्रमाणित करता है ।

केंद्र सरकार द्वारा 2018 में महासमुंद जिले को आकांक्षी जिले में शामिल किया गया था, जिसके अंतर्गत कम विकसित जिलों को जल्दी और प्रभावी ढंग से स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेशन और कौशल विकास और बुनियादी ढांचे के तहत 49 प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (केपीआई) में की गई वृद्धिशील प्रगति की ओर ले जाना है ।

अंकित ने बताया कि एक तो केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार के टैक्स की आय के हिस्से को जो कि लगभग 20 हजार करोड़ है नहीं दे रहा है , पेट्रोल डीजल में केंद्र के करों में बेतहाशा वृद्धि की है जिसके कारण आज कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद बढ़ गयी है, जबकि राज्य सरकार द्वारा रमन सरकार द्वारा छोड़े गए करों में कोई वृद्धि नहीं की है  और 2018 के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ राज्य की भूपेश सरकार द्वारा अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं के कारण ग्रामीण इलाकों में किसानों और मजदूरों की आय में वृद्धि हुई है जिसके कारण शहरों के व्यवसाय में कोरोना काल में भी वृद्धि हुई। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 200 रुपये में सिलेंडर बांटा गया पर आज वही रसोई गैस का सिलेंडर 1075 रुपये तक में मिल रहा है और जो सब्सिडी पहले 230 रुपये हुआ करती थी वो आज शून्य हो गयी है और महासमुंद जिले के लिए तो अपने आप में ये अपमान की बात है कि इसे 15 साली रमन सरकार के बाद भी आकांक्षी जिले में शामिल किया गया है ।
अंकित ने कटाक्ष किया कि लगता है कि भाजपा के स्थानीय नेता उनको ये नहीं बता पाए कि यहाँ 15 साल भाजपा की सरकार थी, जिसके कारण इस जिले का ये हाल है ।


अन्य पोस्ट