महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 अप्रैल। हनुमान जयंती का पर्व कल शनिवार को शहर सहित अंचल में धूमधाम से मनाया गया। हनुमान मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों का तांता देर रात तक लगा है। शाम चार बजे शहर में श्री रामजानकी मंदिर से बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद, गौ सेवक संघ व हिन्दू युवा वाहिनी के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। छबि सिन्हा, गुड्डा सिन्हा और सुमन शेन्द्रे ने बताया कि शोभायात्रा श्री रामजानकी मंदिर से महामाया मंदिर, विठोबा टॉकिज, अंबेडकर चौक, स्वामी चौक, कचहरी चौक, बरोंडा चौक से शास्त्री चौक होते हुए सतबहनिया मंदिर परिसर में पहुंची, जहां समापन हुआ।
जयंती के अवसर पर भक्तों के लिए सुबह से जगह-जगह भंडारे का आयोजन भी किया गया था। शहर के कचहरी चौक स्थित संकटमोचन हनुमान में मंदिर में प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह भगवान हनुमान का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की गई। सुबह से मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। शहर के बरोंडा चौक, नेहरु चौक, बस स्टैंड परिसर, पुराना सरकारी अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर स्थित हनुमान मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई। महामाया युवा समिति द्वारा भोग वितरण किया गया। छुट्टी होने के कारण हनुमान मंदिरों में भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा।
हनुमान जन्मोत्सव पर भंडारा
सरायपाली शहर में हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सार्वजनिक हनुमान मंदिर वन विभाग परिषद स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के दिन भंडारे का आयोजन किया गया, जहां भारी संख्या में भक्तों को भीड़ लगी। लोग हनुमान का जयकारा लगाते हुए डीजे के साथ नाचते नजर आए। यह हनुमान मंदिर 1972 से स्थापित है और लोगों के आस्था का केंद्र है।
इस साल हनुमान जमोत्सव पर ग्राम मालदा माल व झिलमिला, डोगरीपारा के महिला कीर्तन मंडली का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। कीर्तन मंडली के द्वारा हरि कीर्तन का कार्यक्रम रखा गया था, जिसका लोगों ने आनंद लिया।