महासमुन्द

वन कर्मचारी संघ, रेंजर्स एसोसिएशन का अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित
15-Apr-2022 4:14 PM
वन कर्मचारी संघ, रेंजर्स एसोसिएशन का अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित

दो महीने के भीतर मांगों पर विचार नहीं हुआ तो फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ व रेंजर्स एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दी है। अब सभी अपने.अपने काम पर लौट गए हैं। लेकिन ये हड़ताल केवल दो महीने के लिए स्थगित किया गया है।
दो महीने के भीतर यदि उनकी मांगों को विचार नहीं किया गया तो फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे। पीसीसीएफ  ने हड़ताल समाप्त करने दो दिन का अल्टीमेटम दिया था। कल गुरूवार को वनकर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली और वे अपने-अपने काम पर लौट गए हैं। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के बैनर तले 12 सूत्रीय मांग व छग फॉरेस्ट रेंजर्स एसोसिएशन के बैनर तले 3 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर थे। वहीं वन क्षेत्रपाल संवर्ग के अधिकारी 5 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। इसको लेकर पीसीसीएफ  ने आंदोलन समाप्त कर संघ पदाधिकारियों को पत्र जारी कर दो दिन में आंदोलन से वापसी के लिए कहा था। हालांकि शुरूआत में तो आदोलन समाप्त न करने की बात कहीं गई लेकिन छग वनकर्मी संघ ने आंदोलन को दो माह के लिए स्थगित कर दिया है।

रेंजर टीआर सिन्हा व जयकांत गण्डेचा ने बताया कि पीसीसीएफ  ने उनकी मांगों पर विचार करने दो महीने का समय मांगा है। इसलिए दो महीने के लिए हड़ताल को स्थगित किया गया है। कर्मचारी संघ के रूपेश कन्नौजे डिप्टी रेंजर ने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुई तो दो माह बाद फि र से हड़ताल करेंगे। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ द्वारा किए गए घोषणा व शासन के लिए दिए गए पत्र के अनुसार मांगों को पूरा करने के लिए समय.सीमा निर्धारित कर आश्वासन दिया गया है। इसके आधार पर आंदोलन स्थगित किया गया है।
 


अन्य पोस्ट