महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 अप्रैल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रवास के दौरान जिले के प्रसिद्ध नानक सागर गुरुद्वारा समिति के सदस्यों ने इंद्रजीत सिंह गोल्डी के नेतृत्व में मुलाकात की और नानक सागर गांव के साथ साथ ग्राम गढफ़ुलझर की प्रसिद्धि की जानकारी दी।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री को बताया कि सिक्खों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी लगभग 517 साल पहले अपने जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ग्राम नानकसागर पहुंचे थे। उसी दौरान गुरू नानक देव ग्राम गढफ़ुलझर भी गए थे। उन्होंने दोनों गांवों में उपदेश दिए। उनके उपदेशों से प्रभावित होकर तात्कालिक राजा भैना ने गुरु के नाम 5 एकड़ खेत दान किया था जो आज भी मिसल रिकार्ड में दर्ज है। इस पर श्री पुरी ने नानक सागर की जानकारी विस्तार से ली।
जानकारी मिली है कि मंत्री श्री पुरी ने समिति के एक प्रतिनिधि मंडल को दिल्ली बुलाया है। समझा जा रहा है कि वे उक्त मामले की गहराई से जानकारी लेकर दोनों गांवों के उन्नयन की पहल कर सकते हैं।
प्रतिनिधि मंडल में भाजपा नेता इंद्रजीत सिंह गोल्डी, अवतार सिंह ओबेरॉय, रिंकू ओबरॉय, हरकृष्ण सिंह राजपूत, राज किशोर, सिमरनजीत सिंह, यश सलूजा शामिल थे।