महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अप्रैल। बोलेरो पिकअप में गांजा की तस्करी करते सरायपाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने 59 किलो गांजा व तस्करी में प्रयुक्त वााहन जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 11 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार थाना सरायपाली में पदस्थ निरीक्षक आशीष वासनिक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर बोलेरो पिकअप में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर ओडिशा से रायगढ़ की ओर आ रहा है।
सूचना पर टीम गठित कर रायगढ़ रोड झिलमिला चौक सरायपाली पर घेराबंदी की गई और बिना नंबर बोलेरो पिकअप को रोक कर तलाशी ली गई। इस दौरान बोलेरो पिकअप से 59 किलो गांजा बरामद हुआ। टीम ने तस्करी के आरोप में वार्ड नंबर 1 बरगढ़ थाना बरगढ़ जिला बरगढ़ ओडिशा निवासी मोहम्मद अरशद खान (32) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने गाड़ी में 3 अलग-अलग सफेद रंग के प्लास्टिक के बोरे में 59 पैकेट गांजा रखा था।