महासमुन्द
मां बन गई तो साथ रखने से इंकार, पिता समेत आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अप्रैल। जिले का एक आरोपी 13 साल की एक नाबालिग को भगाकर अपने साथ घर ले आया। पांच सालों तक उसे पत्नी बनाकर रखा और अब जब वह एक बच्ची मां हो गई तो उसे अपने साथ रखने से इंकार कर रहा है। अब युवती के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक इस बात की जानकारी आरोपी के पिता को थी, लेकिन न तो पुलिस को इसकी सूचना दी और ना ही विरोध किया। लिहाजा आरोपी युवक ने पांच साल तक नाबालिग के साथ रेप किया। वर्तमान में वह एक माह के बच्चे की मां है। पांच साल बाद अब आरोपी उसे रखने से इंकार कर रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने नाबालिग को भगा कर पांच साल तक अपने पास रखा और उसके साथ रेप करता रहा। अब साथ रखने से इंकार किया तो नाबालिग ने युवक व उसके पिता के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद युवक व उसके पिता को रेप व सहयोग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि रेप के मामले में नयापारा निवासी यादराम साहू (20) व अपने बेटे का सहयोग करने के आरोप में बिसंभर साहू (46) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के खिलाफ नाबालिग ने थाना में एक दिन पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराया है।