महासमुन्द
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 200 जोड़े बंधे विवाह बंधन में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अप्रैल। कल प्रात: से शाम तक महासमुंद का संजय कानन 200 दूल्हा-दुल्हन और उनके हजारों परिजनों से आबाद रहा। निर्धारित समय पर जोड़ों को नाश्ते आदि के बाद मंडप में बिठाया गया। गायत्री परिवार के विद्वानों ने संगीतमय मंत्र उच्चारण के साथ विवाह की रस्म शुरू की।
दोपहर दो बजे तक सभी वधुओं का कन्यादान हुआ और फेरे के बाद विदाई की रस्म शुरू की गई। इस बीच विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, जिले के कलेक्टर क्षीरसागर, महिला आयोग सदस्य अध्यक्ष अनिता रावटे, महिला नागरिक सहकारी बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद स्वरूप भेंट प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस तरह कल रामनवमी के शुभ दिन पर महासमुंद के संजय कानन उद्यान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पाण्डे ने बताया कि इस बार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
इस अवसर पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र बंधन है। पति-पत्नी का संबंध दुनिया का सबसे विश्वसनीय संबंध होता है। सुख-दुख में वे हमेशा एक-दूसरे का कंधे से कंधा मिलाकर साथ निभाते हंै। चाहे वे सामाजिक दायित्व का मामला हो या पारिवारिक मसला। वे हर परिस्थिति में खरे उतरते हैं। उन्होंने कहा कि निर्धन कन्याओं के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना वरदान है।
इस योजना के माध्यम से फिजुल खर्र्ची एवं दहेज प्रथा जैसे कुरीतियों को समाप्त करने का एक अच्छा माध्यम है। अब ऐसे कन्याओं के माता-पिता को आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने नवदम्पतियों को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं महिला बाल विकास विभाग की टीम को भी बधाई दी।
श्री चंद्राकर ने कहा कि शादी सामाजिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग है। यह वर-वधु का नहीं बल्कि दो दिलों का मिलन और दो परिवारों का एक होना भी है। समाज में हम सब की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, चाहे वो सामाजिक, संास्कृतिक, आर्थिक किसी भी क्षेत्र में हो। हम सबको मिलजुल कर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होता है।
राज्य सरकार ने जनता की बेहतरी के लिए कई बेहतर योजनाएं बनाई है। जिनमें से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना भी एक है, जिसका फायदा राज्य के हर वर्ग के गरीब व्यक्ति को मिल रहा है। इस अवसर पर जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष त्रिलोकी राधेश्याम ध्रुव सहित राशि महिलांग, अन्नू चंद्राकर भी उपस्थित थे।