महासमुन्द

मुख्यमंत्री कन्यादान का निमंत्रण नपा पदाधिकारियों को नहीं
10-Apr-2022 7:12 PM
मुख्यमंत्री कन्यादान का निमंत्रण नपा पदाधिकारियों को नहीं

जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 अप्रैल। स्थानीय नगरीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो सौ जोड़ों के सामूहिक विवाह में शहर के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण न देकर उन्हें अपमानित किया है। इसे लेकर कल शनिवार को नगर पालिका के अध्यक्ष कक्ष में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की उपस्थिति में समस्त पार्षदों की बैठक आहूत की गई। बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन महासमुंद नगर पालिका प्रशासन के समस्त संसाधनों का उपयोग करती है लेकिन जहां सम्मान की बात आती है वहां नगर पालिका के जनप्रतिनिधि हमेशा उपेक्षा का शिकार होते हैं।

गौरतलब है कि महासमुंद के संजय कानन में आज जिले की 200 बेटियों की शादी है। इतने बड़े एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले निकाय के जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से हटकर कन्या विवाह के आयोजन में आमंत्रित तक नहीं किया गया है।  इससे क्षुब्ध होकर स्थानीय नगरीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने उक्त कार्यक्रम के बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। नपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों ने सामूहिक विवाह के आयोजन में नवदांपत्य जीवन में प्रवेश करने जा रहे वर-वधुओं को अग्रिम शुभाशीष देते हुए सफल जीवन की कामना व्यक्त की है। जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आगे भी उनके द्वारा किसी प्रकार उपेक्षात्मक बर्ताव किया गया, तो जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका तीव्र विरोध, धरना-प्रदर्शन के साथ किया जाएगा।


अन्य पोस्ट