महासमुन्द

एक संग 4 का अंतिम संस्कार, 7 घायलों में 3 गंभीर
09-Apr-2022 1:12 PM
एक संग 4 का अंतिम संस्कार, 7 घायलों में 3 गंभीर

बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल।
जिले में शुक्रवार को हुए सडक़ हादसे में मृत 4 लोगों की आज जामड़ी गांव में एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। बाकी 7 घायलों का इलाज महासमुंद अस्पताल में जारी है, जिनमें से 4 की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। सभी सवार दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस हादसे में बुरन सोनवानी, पुनीबाई चौहान, ग्रहणलाल और जयंती चौहान की मौत हुई है।

बसना थाना क्षेत्र के जामड़ी गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर भालूकोना में एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। अभी ये भालूपतेरा, पझरापाली सडक़ पर भालूकोना से कुछ दूर पहले पहुंचे ही थे कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और खेत में जाकर पलट गई। हादसे के बाद गाड़ी के नीचे दबने से मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। इस वक्त वे जिला अस्पताल महासमुंद में हैं। इनमें से 3 की हालत काफी गंभीर है। उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 16 लोग सवार थे। हादसे की खबर जैसे ही जिला प्रशासन और पुलिस को मिली, दोनों की टीम मौके पर पहुंची। आज सुबह सभी चारों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के मुताबिक सभी के शवों का आज लगभग साढ़े 11 बजे एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।  

मालूम हो कि हादसे के बाद सरायपाली एसडीएम नम्रता जैन भी मौके पर गईं थीं। इसके बाद उन्होंने बसना के अस्पताल में जाकर घायलों का हाल चाल भी जाना है और डॉक्टरों को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने एसडीएम से दुर्घटना की पूरी जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए हैं।


अन्य पोस्ट