महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 3 अप्रैल। नगर पंचायत नगरी में 3 अप्रैल को वार्ड क्रमांक 2 पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में क्षेत्र के विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ किया।
सिहावा विधायक ने कहा कि प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने जनसामान्य को घर पहुंच स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो इस उद्देश्य से सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में इस योजना का विस्तार किया है।
नागरिकों को मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा मेडिकल कैंप के माध्यम से मुफ्त परामर्श, उपचार, दवाईयां एवं टेस्ट की सुविधा प्रदान की जाती है। इस योजना के तहत महिलाओं को घर की चौखट पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए दाई दीदी क्लीनिक भी प्रारंभ किए गया है।
विधायक डॉ. ध्रुव ने आगे कहा कि शहरी क्षेत्रों में लोगों को उनकी चौखट पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना 1नवम्बर 2020 को शुरु की गई थी। इसके पहले चरण में सभी 14 नगर निगमों में 60 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) एंबुलेंसों के जरिए डॉक्टर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
योजना की सफलता को देखते हुए अब इसे प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में लागू किया जा रहा है। योजना के अगले चरण में 60 नयी मोबाईल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी लोगों की चौखट तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष आराधना शुक्ला, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजय नाहटा, पीसीसी सदस्य लखन लाल ध्रुव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के अध्यक्ष भूषण साहू, विधायक प्रतिनिधि रूद्रप्रताप नाग, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, भानेंद्र ठाकुर, भरत निर्मलकर,पेमन स्वर्णबेर, जियाउद्दीन रिजवी, जितेंद्र ध्रुव सहित नगर पंचायत नगरी के पार्षद गण, अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित थे।