महासमुन्द

भालू के अलग-अलग हमले, 5 घायल
02-Apr-2022 3:59 PM
भालू के अलग-अलग हमले, 5 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल। 
जिले के बागबाहरा रेंज में आज शनिवार सुबह अलग-अलग घटना में भालू के हमले से तेंदूकोना, भदरसी और बाम्हन सरा निवासी पांच ग्रामीण घायल हो गए। इन्हें ग्रामीणों की सहायता से उपचार के लिए समीपस्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां इनका प्राथमिक उपचार हुआ। समाचार लिखते तक इनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

जानकारी अनुसार ग्राम भदरसी निवासी कलानाथ (72) पुत्र मेघनाथ गोंड़ सुबह साढ़े पांच बजे घर से खेत जाने निकले, तभी पास स्थित जंगल से भालू निकला और उन पर पीछे से हमला कर उसे घायल कर दिया। कलानाथ ने शोर मचाया तो घर के अन्य सदस्य लाठी डंडा लेकर निकले। इन्हें देख भालू जंगल की ओर भाग निकला।

इसी तरह आज एक और मामले में सुबह साढ़े पांच बजे बाम्हनसरा निवासी संतराम ध्रुव पुत्र गणेश राम महुआ बीनने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जिससे उनके दाहिने हाथ में चोट आई है।
तीसरी घटना ग्राम तेंदूकोना में हुई। जहां भालू के हमले से तीन लोग घायल हुए। तेंदुकोना निवासी हीरासिंह (40) पुत्र हरचंद पटेल आज शनिवार सुबह घर से घूमने निकला था, जिस पर भालू ने हमला कर घायल किया।

तेंदुकोना की ही फूलबाई (61) साल पत्नी लाहौर सिंह आज सुबह सवा पांच बजे महुआ बीन रही थी, तभी भालू ने उस पर भी हमला किया। पास ही महुआ बीन रहा भालू रघुवर सिंह (60) पुत्र गोतराम यादव भी भालू के हमले से घायल हुआ। हालांकि किसी भी घटना में लोगों को अधिक नुकसान नहीं हो पाया।

मालूम हो कि छग वन कर्मचारी संघ के बैनर तले वन रक्षक वन कर्मी सभी अपनी मांगों को लेकर 13 दिनों से हड़ताल पर हैं। इनसे वन मंत्री और पीसीसीएफ से दो बार की बातचीत हुई है। पर मांगों को पूरा करने लिखित आश्वासन नहीं मिला है, और हड़ताल जारी है।


अन्य पोस्ट