महासमुन्द

पालिका की आपात बैठक: 31 तक टैक्स जमा नहीं करने वालों की सुविधाओं पर लग जाएगा विराम
29-Mar-2022 4:33 PM
पालिका की आपात बैठक: 31 तक टैक्स जमा नहीं करने वालों की सुविधाओं पर लग जाएगा विराम

जलकर नहीं चुकाने वालों के नल कनेक्शन भरी गर्मी में काट दिए जाएंगे

चालू वित्तीय वर्ष में वसूली के साथ पिछले वर्षों की वसूली सिरदर्द साबित हो रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मार्च।
नगर पालिका महासमुंद में सोमवार को अवकाश के दिन राजस्व विभाग की आपात बैठक बुलाई गई।

पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 मार्च तक टैक्स बकायदारों की ओर से राशि जमा नहीं की गई तो पालिका से मिलने वाली सारी सुविधाओं पर विराम लगाया जाए। यहीं नहीं बैठक में अफसरों को साफ तौर पर कहा गया कि जलकर नहीं चुकाने वालों के नल कनेक्शन भरी गर्मी में काट दिए जाएं। हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब अधिकारियों को इतने सख्त और स्पष्ट निर्देश पालिकाध्यक्ष और सीएमओ ने दिए हों। बावजूद इसके पालिका का राजस्व अमला कर वसूली में फिसड्डी रहा। वित्तीय वर्ष में कुल 269 लाख की वसूली करनी थी, लेकिन अब तक केवल 132 लाख की ही वसूली हो पाई है। अब भी 137 लाख रुपए बकाया है।

मालूम हो कि नगर पालिका को पिछले वर्षों के करों की भी भारी-भरकम राशि वसूलना है, जो अब तक नहीं हो पाया है। सोमवार को आयोजित आपात बैठक में नगर पालिका सीएमओ आशीष तिवारी, राजस्व सभापति संदीप घोष, राजस्व प्रभारी दिलीप चंद्राकर, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नौशाद बख्श, जल प्रभारी अनुराग गुप्ता सहित वार्ड मुहर्रिर मौजूद थे। नगर पालिका के चालू वित्तीय वर्ष में वसूली के साथ पिछले वर्षों की वसूली सिरदर्द साबित हो रही है। नगर पालिका को पिछले वर्षों के कुल 248 लाख रुपए विभिन्न करों का वसूलना है। लेकिन इस वित्तीय वर्ष केवल 35.97 लाख रुपए की वसूली ही हो पाई है। पिछले वर्षों के करों के रूप में सबसे ज्यादा बकाया जलकर का है।

गौरतलब है कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने 8 दिसंबर को राजस्व अफसरों की बैठक में बकायादारों का नाम सार्वजनिक जगहों पर चस्पा करने, टैक्स पेड रसीद दिखाने पर ही नागरिकों के पालिका से संबंधित काम होने के निर्देश दिए थे। इसके लिए 31 दिसंबर तक की मियाद दी गई थी। इस पर न तो अफसरों ने सख्ती दिखाई और न ही वसूली हो पाई।

जानकारी के मुताबिक नगर पालिका को वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 269.67 लाख रुपए की वसूली करनी है। इसमें से केवल 132.48 लाख की वसूली हो पाई है। सबसे कम वसूली जलकर की हुई है। पालिका को 129 लाख की वसूली करनी थी, जिसमें से केवल 52.22 लाख रुपए ही आए। वहीं सबसे अधिक वसूली दुकान किराया के रूप में हुई है। पालिका को दुकानों से आने वाले किराए की कुल 11.73 लाख रुपए वसूली करनी थी जिसमें से 9.60 लाख की वसूली हो चुकी है। इसके अलावा संपत्ति कर 75.40 में से 41.06 लाख और समेकित कर के रूप में 53.54 लाख में से 29.60 लाख की वसूली हुई है।  
 


अन्य पोस्ट