महासमुन्द
महासमुंद, 29 मार्च। बसना जनपद पंचायत के अंतर्गत मेढ़ापाली में रोजगार गांरटी योजना में जांच दल को गड़बड़ी के पुख्ता प्रमाण मिलने और एफआईआर दर्ज कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने की है।
आरोप है कि गड़बड़ी पाए जाने के बाद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर का आदेश दिया गया लेकिन एफआईआर करने के बजाए जनपद के अधिकारी गोलमाल जबाब देकर पीछे हट रहे हैं।
मामला यह है कि मेढ़ापाली के बादीबाहरा तालाब गहरीकरण के कार्य में अन्य प्रदेश में कार्य करने गए श्रमिक जो कि कोरोना काल में क्वारंटीन सेंटर में रुके थे, उनके नाम पर फर्जी मस्टर रोल तैयार हुआ और 12 हजार 750 रुपये मजदूरी का भुगतान हुआ। गांव वालों ने इस मामले की शिकायत की। जांच भी हुई। जिसमें शिकायत सही पाई गई।
आयुक्त रायपुर संभाग की ओर से 17-11-2020 को जनपद पंचायत बसना को जारी आदेश में सरपंच, सचिव एवं मेटगण के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का लेख है। इस ज्ञापन के संदर्भ में मुख्य कायर्पालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना ने 28-10-2021 को ग्राम पंचायत म़ेढापाली के सरपंच, सचिव एवं मेंटगण के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया है।
वर्तमान में सीईओ जनपद पंचायत बसना के आदेश जारी होने के बाबजूद सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी ने चार माह से अधिक समय व्यतीत होने के बावजूद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है। इस संबंध में करारोपण अधिकारी जयराम दास वैष्णव कहते हैं कि जनपद पंचायत बसना से ग्राम पंचायत मेढ़ापाली के सरपंच, सचिव एवं मेटगण के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मूल आदेश की प्रति प्राप्त नहीं हुई है। सीईओ जपं बसना के द्वारा जनपद पंचायत से संबधित एक इंटरनेट ग्रुप में उक्त आदेश को पोस्ट किए हैं।