महासमुन्द
6 बच्चों की मां ने ट्रेन से की खुदकुशी, पति ने पहचानने से किया इंकार बच्चों ने की शिनाख्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मार्च। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम बेमचा निवासी 6 बच्चों की मां अनिता मालेकर ने 26 तारीख को रेल की पटरी पर लेट आत्महत्या कर ली। इसके पीछे की हकीकत झकझोर देने वाली है।
उनके छह छोटे-छोटे बच्चे बिलखते हुए बताते हैं कि महिला के पति जानवरों की तरह उसे मारते थे। घटना दिनांक को वह अनिता को समाज के पुरुषों की आयोजित बैठक में ले जाकर बेइज्जत करना चाह रहे थे। अनिता अपने समाज के सामने बेइज्जत नहीं होना चाहती थी। इसलिए छहों बच्चों को उसने नहलाया, हाथों से खाना खिलाया और घर से निकलकर पटरी बीच सो गई। थोड़ी देर बाद उसकी लाश मिली तो पति ने पहचानने से इंकार कर दिया। बच्चों के पहचानने के बाद उसने शव की पहचान पत्नी के रूप में की।
अनिता मालेकर बेमचा में अपने 11 साल उम्र से लेकर 2 साल उम्र तक के छह बच्चों के साथ रहती थी। पति साधू मालेकर अनिता को शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत प्रताडि़त करता था। बताया जाता है कि हाल ही में अपने पड़ोसी 12 साल की बच्ची के साथ छेडख़ानी का मामला कोतवाली तक पहुंचा, लेकिन पता नहीं पुलिस ने क्यों और कैसे समझौता करा दिया था।
नाबालिग के साथ छेडख़ानी का मामला समाज के लोगों को भी मालूम है और अनिता के साथ आए दिन मारपीट का भी। हाल ही में 26 मार्च को बाबाकुपी फिंगेश्वर में मोची समाज के पुरुषों की आमसभा थी। अनिता का पति साधुराम इस बैठक में अपनी पत्नी के खिलाफ आरोपपत्र जमा करने वाला था। जिसमें लिखा था कि उसकी पत्नी शराब पीती है, जबकि साधू राम खुद शराबी प्रवृत्ति का है। बच्चों की परवरिश रोजी मजदूरी करके अनिता ही करती थी।
अनिता समाजिक बैठक में नहीं जाना चाहती थी क्योंकि समाजिक बैठक में केवल पुरुष ही उपस्थित होते हैं और किसी भी आरोपित महिला को हाजिर कर एक तरफा उसके खिलाफ निर्णय लेते हैं। चूंकि साधू को समाज के नामी लोगों का शह था, इसलिए वह अनिता को बैठक में ले जाने की सारी रणनीति अपना रहा था। अनिता को जब लगा कि वह बैठक में जाने से नहीं बच सकती, उसने आत्महत्या कर ली।
शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसके बाद परिजनों ने उसकी अंतिम क्रियाकर्म कर दी। अनिता के मायके वालों ने कोतवाली में साधू राम पर मामला दर्ज करने आवेदन दिया है। आज उन्हें कोतवाली बुलाया गया था और राजनांदगांव से वे बयान देने कोतवाली पहुंचे थे, लेकिन मामले की विवेचना कर रही पुलिस अधिकारी श्रीमती इक्का आज छुट्टी पर हैं। लिहाजा उनका बयान नहीं हो सका।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मामला दर्ज होगा।