महासमुन्द
खल्लारी, शिवरीनारायण, सिरपुर, डबरा व मधुबन धाम में समाज के भवन के लिए एक करोड़ देने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मार्च। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर महासमुंद पहुंचे। वे ग्राम बिरकोनी में झेरिया यादव समाज की ओर से आयोजित महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ कृषि मंत्री रविंद्र चौबे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री करीब 1 घंटे तक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री करीब 18 मिनट बोले। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों, महिला स्व सहायता समूहों और सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यादव समाज आज काफी आगे बढ़ चुका है। यादव समाज से ही चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव राजा-रानी को पटखनी देकर विधानसभा पहुंचे। इसी तरह खल्लारी से द्वारिकाधीश भी विधानसभा के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, उसे लगातार पूरा करने का काम किया है। बिजली बिल हाफ योजना का लाभ पूरे प्रदेश को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब छत्तीसगढ़ में गोबर खरीदी की शुरुआत हुई तो भाजपा वालों को समझ नहीं आ रहा था कि ये कैसे होगा। अब छत्तीसगढ़ के गोधन न्याय योजना का जिक्र प्रधानमंत्री कर रहे हैं। हमारी इस योजना को झारखंड सरकार ने लागू किया है।
सम्मेलन को संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, विधायक रामकुमार यादव, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह, बीज निगम अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर, जिपं अध्यक्ष उषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जिलाध्यक्ष राजू यादव सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान सबसे ज्यादा समय तक ग्रामीण अर्थव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गांव, गरीब और किसान का विकास हो रहा है। हमारे पुरखों ने जो सपना देखा था, वो आज साकार हो रहा है। आज गांव में डेयरी की संख्या बढ़ी है, दूध का उत्पादन बढ़ा है। उन्होंने कृषि मंत्री से कहा कि हमें अब यह देखना होगा कि दूध उत्पादन के बाद पनीर निर्माण सहित अन्य उत्पाद का निर्माण गांव में ही हो और इसकी ब्रांडिंग भी की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 हजार से अधिक गोठानों में गोधन न्याय योजना के तहत गोबर की खरीदी हो रही है। गोबर से वर्मी कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया जा रहा है। पहले गोबर से गांव में लिपाई होती थी, अब गोबर से पेंट का निर्माण किया जाएगा और बिजली भी बनाई जाएगी। स्व सहायता समूह की महिलाओं को लगातार रोजगार मिल रहा है। किसानों का धान 2500 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा जा रहा है। इससे हमारे किसान समृद्ध हो रहे हैं। कांग्रेस की सरकार आने के बाद किसानों की संख्या में वृद्धि हुई है। इस साल रिकॉर्ड धान खरीदी हुई है। वनोपज पर उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता के प्रति मानक बोरा के दाम में काफी वृद्धि हुई है। पहले जहां 7 प्रकार के वनोपज समर्थन मूल्य में खरीदे जाते थे, उनकी संख्या आज 65 पहुंच चुकी है।
यादव महासम्मेलन में बतौर अतिथि उपस्थित कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि यादव समाज छत्तीसगढ़ का सबसे संतोषी समाज है। छत्तीसगढ़ बनने के बाद पहली बार किसानों से 2500 रुपए समर्थन मूल्य में धान खरीदी की जा रही है। इस साल 98 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। इससे किसानों के खातों में 20 हजार करोड़ रुपए आए हैं।
अब इस साल धान खरीदी 2540 रुपए में की जाएगी। इसके साथ ही आने वाले साल में किसानों को 2800 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से धान की कीमत मिलेगी। साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में 11 हजार गोठान का निर्माण किया गया है। इसके तहत 1.30 लाख एकड़ जमीन गोठानों के लिए चिह्नांकित किया गया है।