महासमुन्द
महासमुंद, 27 मार्च। इस साल नए शिक्षा सत्र 2022-23 की पढ़ाई की शुरूआत 1 मई से होगी। लिहाजा इस बार क्लास लगने से पहले ही पाठ्यपुस्तक स्कूलों में पहुंच जाएगी। क्योंकि पाठ्यपुस्तक की डिमांड जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भेज दी गई है। करीब डेढ़ लाख बच्चों को प्रवेश के दिन वितरण किया जाएगा। पाठ्यपुस्तक की छपाई का कार्य चल रहा है। कोविड के चलते पिछले साल पढ़ाई में हुई लेटलतीफी के कारण इस साल शिक्षा सत्र अप्रैल में प्रारंभ करने में दिक्कतें हो रही थी। इसलिए 1 मई से शिक्षा सत्र की शुरूआत होगी। विभागीय जानकारी के अनुसार 15 मई तक क्लास लगेंगी। फिर जून के बाद क्लास स्कूल खुलेगा। इस साल गर्मी की छुट्टी मात्र एक महीने की होगी। पुस्तक वितरण के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी सौरिन चंद्रसेन का कहना है कि कार्यालय से पाठ्यपुस्तकों का डिमांड पाठ्यपुस्तक निगम को भेज दिया गया है। 8वीं तक के बच्चों की पुस्तकें संकुलों में भेजा जाएगा। वहीं 9वीं व 10वीं की पुस्तकों को स्कूल भेजा जाता है। निजी स्कूलों की किताबें लेने के लिए स्वयं उन्हें डीपो में जाना होता। इस साल भी इसी फार्मूले से वितरण होगा।