महासमुन्द
महासमुंद, 27 मार्च। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने क्षेत्र में लाखों रुपए की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया। शनिवार को ग्राम खड़सा व चुहरी में चेकडैम निर्माण व ग्राम फुसेराडीह में पानी टंकी निर्माण व पाइपलाइन विस्तारीकरण का भूमिपूजन और ग्राम चुहरी में उचित मूल्य दुकान के भवन का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। अध्यक्षता सरपंच संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि के तौर पर जनपद उपाध्यक्ष त्रिलोकी राधेश्याम ध्रुव, जनपद सदस्य अजय मंगल ध्रुव, कुणाल चंद्राकर, दिलीप चंद्राकर, सरपंच बंदेश्वरी ध्रुव, मीना देवदास, राधेलाल सिन्हा मौजूद रहे।
अपने संबोधन में संसदीय सचिव ने कहा कि जलजीवन मिशन के तहत पानी टंकी व पाइप लाइन विस्तारीकरण का कार्य होने से हर घर को साफ पानी मिलेगा। शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, सडक़, बिजली सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। कांग्रेस की सरकार हर स्थिति में किसानों के साथ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केन्द्र सरकार के सहयोग नहीं करने के बावजूद किसानों का धान 2500 रुपए की दर से खरीद रहे हैं।
क़ार्यक्रम में अनमोल कुमार, कांतिलाल, रोहित कुमार, नरेश कुमार, रूपेश कुमार, अगहन लाल, तिहारू राम, लालसिंग, सैयद अली अगनूराम मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संसदीय सचिव ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम खड़सा में रंगमंच निर्माण के लिए तीन लाख रुपए व ग्राम चुहरी में आदिवासी समाज के भवन के लिए पांच लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
इस पर सरपंच बंदेश्वरी ध्रुव, मीना देवदास सहित ग्रामीणों ने संसदीय सचिव का आभार जताया।