महासमुन्द
उत्तरपुस्तिकाओं की पहली खेप जिला समन्वयक केंद्र पहुंची
माशिमं के अधिकारी की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम सील
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च। बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन का कार्य 28 मार्च से शुरू होगा। मूल्यांकन के लिए उत्तरपुस्तिकाओं की पहली खेप जिला समन्वयक केंद्र पहुंच गई है। सभी उत्तरपुस्तिकाएं स्ट्रांग रूप में पुलिस की सुरक्षा के बीच रखी गई है। ये उत्तरपुस्तिकाएं 16 मार्च को संपन्न हुए विषयों की है। दूसरी खेप की उत्तरपुस्तिकाएं जांच के बाद भेजी जाएगी। मालूम हो कि आगामी 1 मई से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ होगा, इसलिए मूल्यांकन का कार्य तेजी से समापन कर 30 अप्रैल के पहले परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। इस बार भी परीक्षा का परिणाम जल्द ही जारी होगा। इसके बाद बच्चे 1 मई से नए कक्षा में प्रवेश कर पढ़ाई करेंगे।
मूल्यांकन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी सौरिन चंद्रसेन व जिला समन्वयक केंद्र प्रभारी हेमेंन्द्र आचार्य का कहना है कि मूल्यांकन की पहली खेप पहुंच गई है। इसमें कक्षा दसवीं व बाहरवीं की उत्तर पुस्तिकाएं शामिल है। पहुंचे हुए उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 400 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। 28 मार्च से केंद्र में मूल्यांकन कार्य शुरू किया जाएगा। समन्वयक केंद्र के प्रभारी के अनुसार हाई व हायर सेकेंडरी की कुल 67640 उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के लिए पहुंची है। इसमें कक्षा 10वीं की 39985 व कक्षा 12वीं की 27655 उत्तर पुस्तिकाएं शामिल है।
पहले खेप का मूल्यांकन 10 दिन के भीतर करना है। पहले खेप के मूल्यांकन के लिए 400 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें हाई व हायर सेकेंडरी के व्याख्याता शामिल हैं। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच जिला समन्वयक केंद्र जिला मुख्यालय के आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में होगी। उत्तर पुस्तिका रखने के बाद माशिमं के अधिकारी की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया है। इसे सीधे कल 28 मार्च की सुबह जिला समन्वयक की मौजूदगी में खोला जाएगा। इसके बाद मूल्यांकन कार्य शुरू होगा।