महासमुन्द

व्यवस्था में सुधार करने नेशनल मेडिकल काउंसिल ने फि र से दिया 15 दिन का समय, भेजा पत्र
27-Mar-2022 2:29 PM
व्यवस्था में सुधार करने नेशनल मेडिकल काउंसिल ने फि र से दिया 15 दिन का समय, भेजा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च।
शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद की मान्यता के लिए नेशनल मेडिकल काउंसिल एनएमसी ने दो शिक्षण सत्र में तीन बार निरीक्षण किया। तीनों ही निरीक्षण के दौरान एनएमसी ने लैबए फर्नीचर और स्पेस की कमियों को दूर करने को कहा। इसके बाद भी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अब तक इन्हें दूर नहीं कर पाया है। शिक्षण सत्र 2022-23 की मान्यता के लिए एनएमसी की टीम ने 15 व 16 मार्च को दो दिनों तक कॉलेज का निरीक्षण किया था।

बीते 25 मार्च को कॉलेज प्रबंधन को एनएमसी ने पत्र भेजा है, जिसमें कमियां गिनाते इन्हें दूर करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। परसों शुक्रवार को एनएमसी का पत्र मिलते ही प्रबंधन कमियों को दूर करने में एक बार फिर जुट गया है। इसी लिहाज से आज रविवार को भी अधिकारियों को बुलाया गया है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा 15 दिन में एनएमसी को जवाब भेजा जाएगा। संतुष्ट होने पर एनएमसी मान्यता देगी या फिर एक और इंस्पेक्शन करेगी।

एनएमसी का पत्र मिलते ही संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर ने भी मेडिकल कॉलेज का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही डीन व प्राध्यापकों से इस संबंध में विस्तार से चर्चा की। संसदीय सचिव ने मेडिकल कॉलेज के ई.लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया। ई.लाइब्रेरी से छात्र अपने अतिरिक्त समय की बचत करके आसानी से ई.पुस्तकें, ई.जर्नल आदि डाउनलोड कर सकेंगे।

वहीं संसदीय सचिव ने अपने विधायक निधि से मेडिकल कॉलेज में आवश्यक संसाधन जुटाने के लिए 23 लाख रुपए की राशि दी है। इससे कंप्यूटर, फर्नीचरए पलंग व स्टडी टेबल क्रय किया गया है। इनमें से कंप्यूटर तो कॉलेज को मिल गया है और कुछ चीजों की डिलीवरी होनी बाकी है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि आने वाले सत्र के लिए मेडिकल कॉलेज को एनएमसी से अनुमति मिल जाएगी।

मालूम हो कि सबसे पहले वाले निरीक्षण के बाद एनएमसी ने कॉलेज के लिए स्पेस की कमी बताई थी। इसके बाद ही मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने ग्राम बरोंडाबाजार स्थित लाइवलीहुड कॉलेज का अधिग्रहण किया था। वहीं स्पेस की कमियों को दूर करने की बात बताते हुए कॉलेज प्रबंधन ने दूसरे दौर के वर्चुअल इंस्पेक्शन के दौरान इसे दिखाया भी था। इसके बाद से यहां गल्र्स व ब्वायज हॉस्टल और इसके लिए फर्नीचर आदि की व्यवस्थाएं की गईं। इस बार के निरीक्षण में एक बार फिर से एनएमसी ने स्पेस की कमी बताई है। अधिकारी एक बार एनएमसी ने दूसरी जो सबसे बड़ी कमी बताई है, उसमें मेडिकल कॉलेज के अलग-अलग विभागों के लिए संसाधन, मशीनरी की कमी शामिल हैं। एनएमसी ने कॉलेज प्रबंधन को एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, पैथालॉजी विभाग के इक्विपमेंट के साथ फर्नीचर जैसी अन्य कमियों को भी दुरुस्त करने के लिए कहा है। ज्ञात हो कि एनएमसी के इंस्पेक्शन के दौरान भी विभिन्न विभागों के लैब में इक्विपमेंट कम संख्या में थे। हालांकि पिछले इंस्पेक्शन में इससे संबंधित परचेज ऑर्डर कॉलेज प्रबंधन ने दिखाए भी थे।

जानकारी के मुताबिक मेडिकल छात्रों की पढ़ाई के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज को एक बॉडी डोनेट की गई है। इसके पहले कॉलेज के पास केवल एक ही बॉडी थी। साथ ही लैब व विभागों के सामान के संबंध में भी खरीदी व टेंडर हो चुका है, जो कभी भी कॉलेज प्रबंधन को प्राप्त हो सकती है। सबसे बड़ी बात यह है कि पिछली बार की तरह इस बार फैकल्टी की कमी को लेकर ज्यादा दबाव प्रबंधन पर नहीं है।


अन्य पोस्ट