महासमुन्द
महासमुंद, 26 मार्च। ग्राम पंचायत कांपा के सचिव नारायण साहू को हटाने को लेकर कल भाजपा समर्थित सरंपचों ने पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा के नेतृत्व में जिला पंचायत पहुंच कर एडिशनल सीईओ लकरा को ज्ञापन सौंपा।
सरपंचो ने एडिशनल सीईओ को बताया कि सचिव नारायण साहू कांपा ग्राम का ही मूल निवासी है और उसी पंचायत में लंबे समय से सचिव के पद पर कार्यरत् है। नियमानुसार जो व्यक्ति गांव का मतदाता हो, वह उसी ग्राम पंचायत में सचिव के पद पर कार्य नहीं कर सकता। लेकिन सत्ताधारी नेताओं के सरंक्षण के चलते सचिव के पद पर लंबे समय से पदस्थ है।
सताधारी नेताओं के सरंक्षण के चलते सचिव नारायण साहू द्वारा पंचों को डराने, धमकाने व बहकाने के साथ सरंपच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का दबाब डालते हैं। बीते 24 मार्च को सचिव ने कांपा पंचायत के 7 से 8 पंचों को सरपंच गजानंद साहू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने दबाव डाला था।
ज्ञापन सौंपने पूर्व विधायक डा. चोपड़ा, मोहन साहू, गजानंद साहू, भामनी चन्द्राकर, लाला निषाद, रिखी देवागंन, निलकंठ साहू, झालखम्हरिया सरपंच यशवंत साहू, जय दास मानिकपुरी, जितेन्द्र साहू, जगन्नाथ छुरा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।