महासमुन्द
महासमुंद, 25 मार्च। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र महासमुंद में नाबार्ड के अधिकारियों द्वारा एक दिवसीय भ्रमण किया गया। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एसके वर्मा के द्वारा कृषि विज्ञान केंन्द्र की विभिन्न गतिविधियों तथा केंन्द्र में 50 एकड़ क्षेत्रफल में स्थापित विभिन्न इकाईयों जैसे बटेर पालन, मुर्गी पालन, दुग्ध उत्पादन, बकरी पालन, अजोला, वर्मी कम्पोस्ट, चारा उत्पादन एवं मछली सह बत्तख पालन इकाईयों के बारें में जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र में स्थापित उपरोक्त सभी इकाईयों तथा बटेर पालन इकाई का अवलोकन किया गया। मालूम हो कि केन्द्र में जिले के विभिन्न कृषकों द्वारा बटेर के चूजे ले जाकर बटेर की व्यावसायिक उत्पादन किया जा रहा है।
इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रक्षेत्र में स्थापित फलदार पौधों जैसे नींबू, संतरा, आम, चीकू, कटहल आदि की पौधशाला इकाई का भी अवलोकन किया गया। इस कार्यक्रम में नाबार्ड के अधिकारी मुख्य महाप्रबंधक डॉ. डी रविन्द्रा, सुपर्णा टंडन एवं महाप्रबंधक रजत मोहंती एवं नाबार्ड के 25 जिला विकास प्रबंधक मौजूद थे।
कार्यक्रम में केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा केन्द्र में संचालित विभिन्न इकाईयों की विषयवार विस्तृत जानकारी दी गयी। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.सतीश वर्मा एवं अन्य सभी वैज्ञानिक एचएस तोमर मत्स्य विज्ञान, रजनी अगासे प्रसार, डा. साकेत दुबे उद्यानिकी, दीपांशु मुखर्जी मौसम विज्ञान एवं हुमायुं अली कीट विज्ञान उपस्थित थे।