महासमुन्द

स्वास्थ्य मिशन में साल भर से भर्ती नहीं, अभ्यार्थियों ने किया प्रदर्शन
25-Mar-2022 4:31 PM
स्वास्थ्य मिशन में साल भर से भर्ती नहीं, अभ्यार्थियों ने किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मार्च।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न पदों में संविदा भर्ती की प्रक्रिया में गड़बड़ी की खबर सुनकर आवेदकों में हडक़ंप मच गया है। नाराज आवेदकों ने मोर्चा खोलते हुए कल गुरूवार को पू्र्व विधायक व भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ डॉ. विमल चोपड़ा के नेतृत्व में कलेक्टोरेट का घेराव कर डिप्टी कलेक्टर नेहा भेडय़िा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। डॉ. चोपड़ा ने बताया कि एक वर्ष पूर्व 2021 में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी जिला महासमुंद के द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न पदों की संविदा भर्ती का विज्ञापन निकाला गया। जिसमें अभ्यर्थियों ने आवेदन भी किया था।

उनका कहना है कि इसकी चयन सूची 1 फरवरी को जारी की गई, लेकिन जिले के चार विधायकों के दबाव में इस संविदा भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने की बात कही जा रही है। जबकि यह भर्ती प्रक्रिया राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के द्वारा केंद्र सरकार की योजना के तहत होनी है। विधायकों द्वारा अपने संबंधी या घरों के लोगों को इस पद में रखने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है जबकि स्वास्थ मंत्री द्वारा यह आश्वासन मिल चुका है कि इस भर्ती प्रकिया को निष्पक्ष रखा जाएगा।

इस मामले में आवेदकों का कहना है कि जब तक चयन सूची जारी नहीं होगी, वेे धरने पर ही रहेंगे।  शुक्रवार से कलेक्टोरेट परिसर में ही आमरण अनशन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में पार्षद देवीचंद राठी, सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू, अभ्यर्थी सरिता, ब्रजेश, विरेन्द्र कुमार, के साहू, ज्योत्सना साव, सीमा कुमार, प्रेमशीला पटेल, सीमा चौधरी, सत्यभामा साहू उपस्थित थे।

मालूम हो कि जुलाई में स्वास्थ्य विभाग ने संविदा के विभिन्न पदों की भर्ती के लिए आवेदन मंगाए थे। इस पर आवेदकों ने फार्म भरा था। भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर चयन सूची भी तैयार हो गई। लेकिन ऐन वक्त में किसी ने चयन सूची पर आपत्ति दर्ज कराई। जिसके बाद मामले की जांच के लिए अपर कलेक्टर को अध्यक्ष बनाया गया। आवेदक जांच तक शांत बैठे थे। लेकिन कुछ दिनों से चयन सूची निरस्त करने की जानकारी मिल रही है। इसे लेकर सभी आक्रोशित हो गए हैं।

इस मामले में सीएचएमओ डॉ एस के बंजारे का कहना है कि मामले में जांच टीम गठित की गई है जिनके द्वारा जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा। रही बात प्रकिया निरस्त करने और आपत्ति की जानकारी की, तो मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। मालूम हो कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सिक्यूरिटी गार्ड, एएनएम, जीएनएम, आरएचएम, ब्लॉक ऑफिसर सहित अन्य पदों पर करीब 75 पदों के लिए संविदा भर्ती किया जाना है। इसके लिए विभाग की ओर से विगत वर्ष जुलाई माह में विज्ञापन जारी किया गया था।
जिस पर उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। जिसकी प्रकिया पूरी करने के बाद पात्र, अपात्र सूची, दावा आपत्ति के बाद मेरिट लिस्ट तैयार की गई जिसे अब तक जारी नहीं किया गया है।
 


अन्य पोस्ट