महासमुन्द

37 करोड़ से बनने वाले ओवरब्रिज की लागत पांच साल में 134 करोड़ पहुंची, सेतु निगम ने फिर भेजा 97 करोड़ का इस्टीमेट
24-Mar-2022 6:04 PM
37 करोड़ से बनने वाले ओवरब्रिज की लागत पांच साल में 134 करोड़ पहुंची, सेतु निगम ने फिर भेजा 97 करोड़ का इस्टीमेट

जब तक भू-अर्जन क्लियर नहीं होगा, तब तक नक्शा भी पास नहीं होगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24मार्च। महासमुंद तुमगांव चौक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में काफी उलटफेर हुआ है। अब सुनने में आ रहा है कि दो महीने के अंदर यदि मामला नहीं सुलझा तो मई के बाद ब्रिज निर्माण कार्य बंद करना पड़ेगा। क्योंकि भू-अर्जन की प्रक्रिया में लेटलतीफी होने से इस ओवरब्रिज की निर्माण लागत 37 करोड़ रुपए से करीब साढ़े तीन दोगुनी बढ़ कर 134 करोड़ रुपए हो गई है। वर्तमान में आने वाले निर्माण की लागत के लिए सेतु निगम ने शासन को 97 करोड़ रुपए का री-इस्टीमेट भेजा है। अभी तक सेतु निगम ने कार्यदायी कंपनी पीआरएल को 30 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। वहीं भू-अर्जन के लिए प्रशासन ने 32 करोड़ का खर्च किए हैं। बहरहाल इस ब्रिज में रिटर्निंग वॉल के निर्माण के बाद आगे चौक का निर्माण होना बाकी है। लेकिन इसके लिए भी भू-अर्जन में लेटलतीफी हो रही है। बढ़ती महंगाई के चलते ब्रिज की लागत अभी और बढऩे की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक पांच लोग सहमति पत्र में हस्ताक्षर नहीं कर रहे है, इसके कारण भू-अर्जन का मामला अटका हुआ है। इस संबंध में सेतु निगम के एसडीओ एसके नायर ने बताया कि दो महीने के अंदर यदि भू-अर्जन का मामला क्लियर नहीं हुआ तो मई के बाद ब्रिज का काम बंद करना पड़ेगा। विभाग का कहना है कि अभी आईडीबीआई बैंक के पास करीब 45 फीट चौड़ीे चौक का निर्माण होना बाकी है। इसके लिए सेतु निगम ने नक्शा तैयार कर लिया है। लेकिन भू-अर्जन का क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण काम अटका हुआ है। विभाग को जैसे ही भू.अर्जन का क्लीयरेंस मिलेगा, सेतु निगम द्वारा बनाए नक्शे का निरीक्षण विभाग व एनएचआई की टीम के द्वारा की जाएगी। निरीक्षण के बाद नक्शे का अप्रूवल होगा।

बताना जरूरी है कि तुमगांव रेलवे क्रासिंग पर बन रहे ब्रिज का काम पिछले पांच सालों से चल रहा है। इस ब्रिज का निर्माण एक साल के भीतर हो जाना था लेकिन अभी तक ब्रिज का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। ओवरब्रिज से अंबेडकर चौक पर रास्ता कैसे खुलेगा यह अभी तक तय नहीं हुआ है। हालांकि नक्शा बनकर तैयार है, लेकिन उसका अभी अप्रूवल नहीं हो पाया है। इसके लिए भू-अर्जन रोड़ा बन रहा है। जब तक भू.अर्जन क्लियर नहीं होगा, तब तक नक्शा भी पास नहीं होगा।

दो महीने के अंदर यदि भू-अर्जन का मामला क्लियर नहीं हुआ तो मई के बाद ब्रिज का काम बंद करना पड़ेगा


अन्य पोस्ट