महासमुन्द
जिले के 32 हजार से अधिक कोरोना संक्रमितों की होगी टीबी जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मार्च। कोरोना संक्रमित होने वालों में टीबी की संभावना को देखते हुए जिला टीबी नियंत्रण कार्यालय ने उनका सैंपल मंगाया है। डाक्टरों के मुताबिक कोरोना संक्रमण से ग्रसित होकर स्वस्थ होने वाले लोगों में टीबी होने की संभावनाएं ज्यादा रहती है। देश में इसके कई केसेस भी मिले हैं। इसके बाद से इस साल कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वाले जिले के सभी लोगों की टीबी की जांच की जाएगी। इसके लिए जिला टीबी नियंत्रण कार्यालय ने जिलेभर से ऐसे लोगों के सैंपल भी मंगाए हैं।
जानकारी अनुसार देशभर में ऐसे कई केसेस पाए गए हैं, जिसके बाद राज्य क्षय उन्मूलन केंद्र से सभी जिलों को गाइडलाइन जारी किया गया है कि जिले के सभी पोस्ट कोविड वाले लोगों की टीबी जांच की जाए। इसके तहत महासमुंद जिले में वर्तमान स्थिति तक 32 हजार 652 लोग कोरोना से स्वस्थ हो चुके हैं, जिनकी टीबी जांच की जाएगी। प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डीआरटीबी घनश्याम देशमुख कहते हैं कि जिले के हर ब्लॉक से दो गांवों को चयनित कर वहां के पोस्ट कोविड वाले लोगों की टीबी जांच कर ली गई है।
इसके तहत जिले के पांच ब्लॉक के दस गांवों से ऐसे लोगों की जांच की गई है। वहीं अन्य बाकी लोगों की जांच के लिए भी सभी ब्लॉक क्षय उन्मूलन केंद्रों और टीबी मितान को सूचित किया गया है कि वे पोस्ट कोविड वाले लोगों के सैंपल प्रदान करें। विभाग के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत होने के लिए महासमुंद भी रेस में था। हालांकि इस बार सब नेशनल सर्टिफिकेशन के तहत कांस्य पदक राज्य के कोरिया जिले को मिलने वाला है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से टीबी पेशेंट को इलाज कोर्स के दौरान हर माह निश्चय पोषण योजना के तहत 500 रुपए की राशि उनके अकाउंट में दी जाती है। अधिकारियों के अनुसार निजी अस्पतालों में इलाज कराने वाले कई मरीजों को इसकी जानकारी नहीं रहती हैए लेकिन निजी अस्पताल में भी इलाज कराने वालों को इसका लाभ मिलता है। जिला क्षय उन्मूलन केंद्र में हर माह निजी अस्पताल अपना अपडेट देते हैं।
जिला क्षय उन्मूलन कार्यक्रम नोडल अधिकारी डा.आई नागेश्वर राव के अनुसार जिला मुख्यालय में एक सीबी नॉट मशीन और एक ट्रू नॉट मशीन से टीबी सैंपल की जांच की जा रही है। साथ ही सरायपाली में ट्रू.नॉट मशीन से टीबी की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में सभी ब्लॉक मुख्यालयों में जांच की सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही जिले में टीबी से ठीक हुए लोगों की एक टीम गठित की गई है, जिसे टीबी मितान कहा जाता है। यह टीम आसपास के गांवों में जाकर लोगों को टीबी के बारे में जागरूक करती है और इसकी जांच और इलाज के बारे में भी विस्तार से बताती है।
टीबी मितान का गठन ब्ल़ॉक स्तर पर किया गया है और ये सभी अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।