महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मार्च। शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल महासमुंद में हर माह नई-नई पद्धतियों से मरीजों का इलाज शुरू किया जा रहा है। इसी के तहत इन दिनों पैथालॉजी विभाग और आर्थोपेडिक्स के संयुक्त प्रयास से मरीज के नासूर घावों को ठीक करने के लिए प्लेटलेट रिच प्लाज्मा (पीआरपी) पद्धति से इलाज किया गया। इससे सालों पुराने घावों को भी दो से तीन सिटिंग में ही ठीक किया जा सकता है।
अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार यह इलाज ज्यादातर बड़े शहरों और निजी अस्पतालों में मंहगी फीस के साथ हुआ करती है, जो अब सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नि:शुल्क और प्रयोग तौर पर शुरू किया गय़ा है।
जिला अस्पताल के आर्थोपेडिक्स के मुताबिक पीआरपी थैरेपी के लिए मरीज का ही खून लिया जाता है, जिसे पैथालॉजी लैब में विशेष मशीन के माध्य़म से प्रोसेस कर पीआरपी बनाया जाता है, जिसकी मात्रा 15-10 एमएल रहती है, जिसे प्रोसेस करने के तुरंत बाद ही मरीज के घाव के पास लगाया जाता है। इस प्रोसेस में लंबे समय से बने हुए घाव भी दो से तीन सिटिंग में ही ठीक हो जाता है।
पीआरपी की खूबी यह है कि शरीर में इसे लगाने से ग्रोथ फैक्टर को रिलीज करता है। इस प्रोसेस से नहीं जुडऩे वाली हड्ड़ी भी जुड़ जाती है, घावों को ठीक करने के साथ हेयर लॉस के ट्रीटमेंट में भी इस प्रोसेस का उपयोग किया जाता है। इस थैरेपी की खास बात यह है कि इसके लिए मरीज को अस्पताल में एडमिट करने की आवश्यकता नहीं होती और उन्हें ओपीडी के माध्यम से ही ट्रीटमेंट दिया जाता है।
पैथालॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. शशिकला कोसम के मुताबिक मरीज के खून को पीआरपी में डेवलप करने के लिए विशेष मशीन की आवश्यकता होती है। हमारे यहां यह मशीन नहीं है, लेकिन मरीज की सुविधा और रिसर्च के तौर पर हमने सामान और मशीन बाहर से अरेंज किया और डबल साइंटिफिक स्टैंडर्ट माध्यम से पीआरपी बनाया जाता है। इसमें डेढ़ से दो घंटे का समय लगता है।
पीआरपी को डेवलप करने के बाद तत्काल ताजा ही उपयोग किया जाता है इसलिए इस प्रोसेस को बहुत ही बारीकी के साथ बनाया जाता है। वहीं कंपोनेंट के लिए जो मशीन आने वाली है, उससे पीआरपी को बनाया जा सकता है। इस कार्य में पैथालॉजी विभाग प्रमुख डॉ. काजल चंद्राकर के साथ ही एमएलटी खिलेश्वर, चक्रधारी और नर्सिंग स्टाफ के पुरषोत्तम का विशेष सहयोग रहता है।
जानकारी के अनुसार पीआरपी थैरिपी के लिए किसी भी निजी अस्पताल में एक सिटिंग में 15-20 हजार रुपए की फीस ली जाती है और एक सामान्य मरीज को दो से तीन सिटिंग की आवश्यकता होती है। ऐसे में एक गरीब और सामान्य आर्थिक स्थिति वाले परिवार को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और इसके लिए उन्हें बड़े शहरों में जाना पड़ता है।