महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद 22 मार्च। जिले के खल्लारी क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या के साथ ही बिजली कटौती से इन दिनों ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण कहते हैं कि कारण पूछने पर विभाग के अफसर जवाब भी नहीं देते। इससे विभाग के प्रति लोगों में आक्रोश है। लिहाजा ग्राम खल्लारी क्षेत्र के आसपास के आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को कनिष्ठ उपयंत्री छग राज्य विद्युत वितरण कंपनी खल्लारी के दफ्तर का घेराव कर नारेबाजी की। बाद में कनिष्ठ यंत्री अमर कंवर को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही व्यवस्था के सुधार की मांग की। इस पर कनिष्ठ यंत्री ने व्यवस्था सुधार के लिए उन्हें आश्वस्त किया।
बिजली दफ्तर का घेराव करने कल ग्राम सोरम सिंघी, परसापाली, नायकबांधा क्षेत्र के ग्रामीण पहुंचे थे। ग्रामीणों ने बताया क्षेत्र के ग्रामीण इन दिनों लो-वोल्टेज से परेशान हैं। इसके कारण सिंचाई के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल सूखने की कगार पर है। गांव में पीने योग्य पानी की भी समस्या है। उन्होंने बताया कि कनिष्ठ यंत्री को कई बार इस समस्या के बारे में बता चुके हैं, लेकिन आज तक समस्या का हल नहीं हो पाया है। इसलिए घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया है।
लो वोल्टेज व कटौती के संबंध में कनिष्ठ यंत्री अमर कंवर का कहना है कि बागबाहरा के सुनसुनिया क्षेत्र में लगे दो पावर ट्रांसफार्मर में से एक में लीकेज हो गया है, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है। एक ही पावर ट्रांसफार्मर से क्षेत्र में विद्युत सप्लाई होने के कारण यह समस्या आ रही थी। अब समस्या का निराकरण कर दिया गया है।