महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मार्च। प्रदेशभर के स्वास्थ्य संयोजक कल सोमवार से अपनी 6 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। यह हड़ताल राजधानी रायपुर में की जा रही है, जिसकी वजह से जिले के उपस्वास्थ्य केंद्रों में लोगों को जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। जिले के 200 उप-स्वास्थ्य केंद्रों से लगभग 400 आरएचओ हड़ताल पर हैं। वहीं इस अवधि में इनका कार्य कार्य सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) देख रहे हैं।
पर्याप्त सीएचओ की नियुक्ति नहीं होने के चलते कई स्वास्थ्य केंद्र हड़ताल के पहले दिन बंद रहे। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के पहले दिन भास्कर ने जिले के कई स्वास्थ्य केंद्रों की पड़ताल की, जिनमें से चार केंद्रों में ताला लटकता मिला। इस दौरान यहां टीकाकरण के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं लोगों को नहीं मिल पाईं। क्षइमरजेंसी के मरीजों को सीएचसी जाने को मजबूर होना पड़ा। अपनी 6 मांगों पर अड़े हैं स्वास्थ्य संयोजक : हड़ताल कर रहे स्वास्थ्य संयोजक अपनी 6 सूत्री मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जब तक उचित आश्वासन या हस्तक्षेप नहीं होगा, तब तह हड़ताल जारी रखा जाएगा।
ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों का वेतनमान समतुल्य करने, पदनाम परिवर्तित कर ग्रामीण स्वास्थ्य सहायक अधिकारी करने, उप-स्वास्थ्य केंद्रों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में कलेक्टर दर से एक वार्ड आया या सफाई कर्मी की नियुक्ति, ऑनलाइन डाटा एंट्री के लिए अलग से पांच हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि या फिर इस कार्य को प्रशिक्षित पीएडीए के माध्यम से करवाने, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में पदस्थ सीएचओ के मासिक इंसेंटिव में वृद्धि और कोरोनाकाल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष कोरोना भत्ता प्रदान करने की मांग की जा रही है।
हड़ताल के पहले दिन ‘छत्तीसगढ़’ ने उपस्वास्थ्य केंद्रों की पड़ताल की, चार केंद्र मिले बंद।
ग्राम सोरिद स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेने ‘छत्तीसगढ़’ ने दोपहर 1 बजे पहुंची। इस दौरान उपस्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगा मिला। वहीं पास में ही मौजूद ग्रामीण ने बताया कि हमेशा तो अस्पताल खुलता है, लेकिन सुबह से ही बंद है।
जलकी के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में भी आरएचओ की हड़ताल के चलते ताला लगा मिला। ग्रामीणों ने बताया कि कई लोग यहां आए थे। ताला देखकर इलाज के लिए तुमगांव चले गए।
ग्राम लहंगर के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में भी सोमवार को 2 बजे ‘छत्तीसगढ़’ को ताला लगा मिला। किसी भी प्रकार के आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा के लिए आस-पास के लोगों को तुमगांव सीएचसी तक का सफर तय करना होगा।
सिरपुर के उप-स्वास्थ्य केंद्र में भी सोमवार पूरे दिन ताला लगा रहा है। यहां ‘छत्तीसगढ़’ 2.40 बजे पहुंची थी। आसपास ग्रामीणों ने बताया कि प्रसव व अन्य स्वास्थ्य सुविधा के लिए 20 किमी से अधिक की दूरी तय कर तुमगांव सीएचसी जाना होगा।
ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों के हड़ताल पर जाने से ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हुई हैं। रूटीन के साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी मुख्य सुविधा के लिए लोगों को अब सीएचसी या पीएचसी जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यक्रमों के कई सर्वे वाले कार्य भी प्रभावित हुए हैं।
सीएमएचओ डॉ. एसआर बंजारे ने कहा कि 400 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों के हड़ताल पर जाने से उपस्वास्थ्य केंद्रों में प्रभाव तो पड़ा है। हालांकि इन केंद्रों में सीएचओ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिन उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सिर्फ आरएचओ पदस्थ थे और सीएचओ नहीं थे वहीं कार्य पूरी तरह से बंद रहा। आगे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।