महासमुन्द

प्रेमी जोड़े की थाने में कराई थी शादी, युवाओं के बन गए थे रोल मॉडल
21-Mar-2022 4:27 PM
प्रेमी जोड़े की थाने में कराई थी शादी, युवाओं के बन गए थे रोल मॉडल

एएसआई हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 मार्च।
आरक्षक से एएसआई तक का सफर करने वाले विकास शर्मा की मौत के बाद चप्पे-चप्पे पर उन्हीं की चर्चा है। उन्होंने कम समय में ही लोगों के लिए खूब काम किया। सैकड़ों बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाया, कई प्रेमी जोड़े की थाने में ही शादी कराई, शराब के खिलाफ महिलाओं की मुहिम में डटे रहे। अपने अच्छे कामों के चलते वे युवाओं के रोल मॉडल बन गये। खबर है कि घटना दिनांक को सीने पर हुए वार से जमीन पर गिर गए थे विकास। डॉक्टर भी नहीं बता पाए कि मौत की असली वजह क्या है। इसलिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।

19मार्च की देर रात शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे दो युवकों को समझाने पहुंचे एएसआई विकास शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नशे की हालत में बहस करने वाले युवकों को समझाने के दौरान ही युवकों ने विकास के सीने पर हाथ से जोरदार वार किया। इसके बाद वे जमीन पर गिर गए। जमीन पर गिरने के बाद भी उन पर वार किया गया। इसके बाद वे उठ नहीं पाए। आसपास के लोग जब उन्हें बरोंडा चौक स्थित जैन नर्सिंग होम लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कल रविवार को जिला अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम किया गया।

उनके शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल से तीन डॉक्टरों की टीम ने किया। इसके अलावा रायपुर मेकाहारा के चिकित्सकों की टीम भी ऑनलाइन माध्यम से इस दौरान जुड़ी रही। एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि हमारे साथी का जाना काफी दुखद है। मामले में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इस मामले में एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर ने कहा कि पीएम रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है।

हत्या के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार कोतवाली थाना प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि हत्या के मामले में पांच आरोपी इमलीभाठा निवासी सन्नी नामदेव (23), उसका भाई ओजस्वी नामदेव (52), साथी अयोध्या नगर निवासी अनिल सूर्यवंशी (22) और इंद्रराज मसीह (25) को हिरासत में लिया गया है।

एएसआई विकास शर्मा युवाओं के रोल मॉडल इसलिए थे क्योंकि महासमुंद शहर के साथ ही  जिलेभर के युवाओं को उनसे खासा लगाव था। साल 2020 में विकास शर्मा को बुंदेली चौकी का प्रभारी बनाया गया था। इस दौरान उन्होंने युवाओं को पुलिस में भर्ती होने की ट्रेनिंग देनी शुरू की। साथ ही बुंदेली गांव में अवैध रूप से बिक्री होने वाले शराब के खिलाफ वहां की महिलाओं को खड़ा किया। इसके बाद से बुंदेली में अवैध शराब का कारोबार बंद हो गया था। बुंदेली चौकी में ही 6 दिसंबर 2020 को एक युवती पहुंची और उसने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती है। दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन घर वालों के दबाव से युवक शादी नहीं कर रहा है। इस पर विकास ने युवक को तलब किया और उसकी परेशानी के बारे में जानकारी ली। इसके बाद विकास ने 7 दिसंबर को थाना परिसर में ही दोनों की शादी करवा दी। आखिरकार लडक़े के घर वाले भी शादी से मान गए और सभी विवाह कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।

विकास बेहतर पुलिस अधिकारी के साथ स्नैक कैचर के रूप में भी क्षेत्र में जाने जाते थे। जिस तरह से लोगों के पास पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस का नंबर होता है, ठीक उसी तरह महासमुंद शहरवासियों के पास विकास का नंबर बतौर स्नैक कैचर के रूप में भी है। जिले में कहीं भी सांप निकला तो लोग सीधे विकास को ही फोन करते और वह सीधे लोगों की मदद के लिए पहुंच जाते थे। विकास ने हजारों की संख्या में सांपों का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।

गौरतलब है कि महासमुंद के पंचशील वार्ड निवासी विकास शर्मा साल 2005 में आरक्षक पद पर भर्ती हुए। 2006 में माना चौथी बटालियन में उन्होंने ट्रेनिंग ली। ट्रेनिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें विभाग ने आउट आफ टर्न प्रमोशन देकर प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत किया। पीपी कोर्स करने के बाद 2006 में महासमुंद आए और पहली पोस्टिंग प्रधान आरक्षक के पद पर कोतवाली थाने में हुई। तीन साल बाद वे क्राइम ब्रांच में चले गए।

इसी बीच साल 2017 में विकास को दूसरी बार आउट आफ टर्न प्रमोशन मिला। 2017 में चिटफंड मामले में वांछित अमनदीप सिंह सरन को दिल्ली से गिरफ्तार किया। इस पर उन्हें सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया था। वे बॉक्सिंग के नेशनल प्लेयर भी रह चुके थे।

प्रत्यक्ष गवाहों ने बताया कि घटना की रात करीब 9 बजे थे। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास एक किराना दुकान के पास ही सन्नी नामदेव व अनिल सूर्यवंशी गाली-गलौज कर रहे थे। उसी समय विकास आए और दोनों को ऐसा करने से मना किया। इसी दौरान दोनों ने विकास को धक्का देकर गिरा दिया और दोनों उनसे मारपीट करने लगे। इसी दौरान शेखर नामदेव, ओजस्वी नामदेव व इन्द्रराज भी वहां आए और वो भी मारपीट करने लगे। इससे विकास बेहोश हो गए और सभी आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद दुर्गेश कन्नौजे, आशीष वर्मा और लाल विजय सिंह ने मिलकर लाल विजय सिंह की कार में उन्हें पास के ही जैन नर्सिंग होम पहुंचाया था।


अन्य पोस्ट