महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 21मार्च। रंग-गुलाल और नाच गाने के साथ पूरे अंचल में धूमधाम से होली का त्यौहार मनाया गया। बच्चों एवं युवाओं में सबसे अधिक उत्साह देखा गया। सुबह से दोपहर तक कई टोलियों में बँटकर लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई देते रहे। पिछले वर्ष कोरोना काल की वजह से होली में धूम नहीं थी। इस कारण इस वर्ष होली मनाने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता थी। शहर एवं ग्रामीण अंचल के चौक चौराहों एवं घरों में भी डीजे, स्पीकर बजाकर लोग नाचते थिरकते रहे और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाते दिखे। इस बार कोरोना का कुछ भी डर नहीं था।
प्रति वर्ष अंचल में होली का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष भी होलिका दहन के दिन से ही शहर में त्यौहार को लेकर काफी चहल पहल रही और रंग गुलाल व मिष्ठान्न की दुकानों के अलावा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान लगभग बंद रहे। जो दुकानें खुली थी, उनमें भी ग्राहकी अन्य दिनों की अपेक्षा बहुत कम रही। शुक्रवार को सुबह से ही बच्चों की टोली घरों से निकलकर लोगों को रंगना शुरू कर दिए थे। ढोल नगाड़ों के साथ युवाओं ने भी उत्साह पूर्वक होली का त्यौहार मनाया। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में भी इस वर्ष होली की काफी धूम रही। नगाड़ों के साथ-साथ डी जे की धुन में बच्चे व युवा जगह-जगह नाचते एवं एक दूसरे को होली की बधाई देते हुए देखे गए। दुकानों में भी इस बार हर्बल गुलाल की अधिक खरीदी हुई और खेली गई।
पुलिस शांति व्यवस्था बनाई रखी
शहर के अनेक स्थानों व जुलूस पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रही। शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने में पुलिस का भी बड़ा योगदान रहा। शहर एवं ग्रामीण अंचल में कई जगह पर डीजे बजाकर नाच गाना करते दिखाई दिए तो उन्हें पुलिस द्वारा बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए डीजे को जाकर बंद करवाया गया।
आग पर चले लोग
होलिका दहन की रात लोग दहन स्थल पर नंगाड़े बजाते दिखे और रात जागरण करते रहे और होलिका दहन किए। इसके पश्चात कई लोग उस आग में चलते दिखे, आग पर चलने से लोग शुभ मानते हैं। उस राख को अपने शरीर में लगाने से कई सारे रोग भी मुक्त हो जाते हैं।