महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मार्च। महासमुंद के भलेसर रोड स्थित श्मशान घाट में अभी समाचार लिखते तक एक के बाद तीन लाशें जली। कल शहर के प्रतिष्ठित बस्तीमल चोपड़ा के निधन की खबर लगभग दो बजे शहर में फैली। इसके ठीक आधे घंटे बाद जानकारी मिली कि सीआरपीएफ का एक जवान सड़क दुघर्टना में गुजर गये। कल ही देर रात एक युवक के तालाब में डूबकर मौत की खबर मिली। आज तीनों के अंतिम संस्कार किये गये।
महासमुंद शहर के प्रतिष्ठित उद्यमी बस्तीमल चोपड़ा कल होली के दिन दोपहर में परलोक गमन कर गए। सूचना मिलते ही परिजन और परिचितों में होली का उत्साह मातम में बदल गया।
इसी बीच सूचना मिली कि रामगढ़िया परिवार के एक युवक को अज्ञात वाहन ने तुमगांव रोड में टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत गई।
रामगढ़िया परिवार के
मनमीत के मनमीत के बारे में जानकारी यह है कि वह होली मनाकर बाइक से नहाने के लिए गाड़ाघाट (तुमगांव) जा रहा था। महासमुंद-परसदा के बीच बेमचा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे मनमीत सिंग रामगढ़िया (38) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 188 बटालियन कोंडागांव में पदस्थ है। पारिवारिक अड़चनों की वजह से उन्हें रायपुर में अटैच कर सेवाएं ली जा रही थी। वह होली मनाने गृहनगर महासमुंद आया था। आज मनमीत की अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के अधिकारी, जवान महासमुंद पहुंचे थे। पुष्चक्र भेंटकर और गार्ड ऑफ ऑनर देकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मनमीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में अब उनकी बुजुर्ग विधवा मां, पत्नी और पांच साल की बेटी रह गए। वे सगनजोत रामगढ़िया के चचेरे भाई थे।
एएसआई टीकाराम सारथी से मिली जानकारी के अनुसार कल ही शहर के तीन नवयुवक लक्ष्य चन्द्राकर (17) पिता आलोक चंद्राकर (कांग्रेस नेता) निवासी बीटीआई रोड, दिव्याशु कर्माकर (18) पिता डॉ संजीव कर्माकर अयोध्या नगर और कलश बाघमारे (17) पिता स्व.राजेन्द्र बाघमारे निवासी पुराना मछली मार्केट महासमुंद रंग गुलाल खेलकर दोपहर में नहाने के लिए बरोंडाबाजार के तालाब में गए थे। नहाते समय अचानक तीनों गहरे पानी में डूबने लगे। इसी समय गांव के अन्य लोग भी नहाने के लिए तालाब आए थे। नवयुवकों को डूबता देखकर ग्रामीणों ने गहरे पानी से तीनों को बाहर निकाला। तब तक लक्ष्य और कलश बेहोश हो गए थे। दिव्यांशु बातचीत कर रहा था। तीनों को महासमुंद स्थित आदित्य अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान कलश बाघमारे ने दम तोड़ दिया। अभी भी लक्ष्य चंद्राकर तथा दिव्यांशु की स्थिति नाजुक है। रायपुर के एक निजी अस्पताल में दोनों का गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार जारी है। तीनों ही केंद्रीय विद्यालय महासमुंद के छात्र हैं।