महासमुन्द

जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति हुई
15-Mar-2022 4:58 PM
जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति हुई

आने वाले दिनों में पेडिंग मामलों की सुनवाई संभव

उपभोक्ता दिवस खास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 15 मार्च। महासमुंद जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पद पर विजय कुमार एक्का और सदस्य टी. दुर्गा राव व गिरीश श्रीवास्तव की नियुक्ति की गई है। दोनों सदस्यों की नियुक्ति 16 फ रवरी को हुई है। नियुक्ति के बाद फरवरी व मार्च में तीन-तीन दिन सुनवाई की कार्रवाई भी हुई है। विभागीय जानकारी अनुसार महासमुंद जिला उपभोक्ता आयोग में सहारा इंडिया के खिलाफ  सबसे ज्यादा मामले दर्ज हैं। इसके तहत 42 लोगों का करीब एक करोड़ रुपए का मामला आयोग में लगा हुआ है। इसके अलावा लोन वाले प्रकरण में 5 लाख व फसल बीमा मामले में 5 लाख का प्रकरण दर्ज है।

जिले के उपभोक्ता आयोग में केस दर्ज कराने वालों के लिए खुशखबरी है कि आने वाले दिनों में उनके पेडिंग मामलों की सुनवाई होगी। सदस्य की नियुक्ति नहीं होने के कारण पिछले दो सालों से उपभोक्ता आयोग में सुनवाई नहीं हो पा रही थी। पिछले महीने 16 फरवरी से दो सदस्यों की नियुक्ति यहां कर दी गई है। कहा जा रहा है कि अब पेंडिंग मामलों का निराकरण जल्द ही होगा। दर्ज दस्तावेजों की जांच सदस्यों ने शुरू कर दी है। अगामी 18, 19 व 20 अप्रैल को इन मामलों की सुनवाई होगी। आयोग ने एक और बड़ी राहत दी है कि अब नए अधिनियम 2019 के अनुसार मध्यस्थता के माध्यम से राजीनामा किए जाने का प्रावधान भी कर दिया गया है। उपभोक्ता आयोग के सदस्य गिरीश श्रीवास्तव और टी. दुर्गा राव के मुताबिक नियुक्ति के बाद से पेंडिंग मामलों में जल्द ही सुनवाई होगी। उपभोक्ता फोरम से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद में अब तक करीब 300 केस पेंडिंग हैं। दो साल कोविड के चलते न तो सदस्यों की नियुक्ति हुई और न ही सुनवाई। इस फोरम में बैंककारी, वित्त, बीमा, परिवहन, परिवाद, प्रसंस्करण, विद्युतयान, ऊर्जा की पूर्ति, दूर संचार,  भोजन, निवास, गृह निर्माण, मनोरंजन,अमोद प्रमोद सेवा की कमी के मामले की सुनवाई होती है।


अन्य पोस्ट