महासमुन्द
आदिवासी ने लगाया गबन का आरोप, जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 15 मार्च। नगर के समीप बरेकेल के एक आदिवासी ने कलेक्टर महासमुंद को लिखित शिकायत कर अपने जेल अवधि के दौरान शासन से मिली वन भूमि सुधार के नाम से राशि आहरण कर गबन करने की जांच की मांग की है। दूसरी ओर उक्त मामले में मनरेगा के कार्य देखने वाले रोजगार सहायक कुबेर साहू ने आदिवासी की भूमि पर उनकी पत्नी की अनुमति के बाद कार्य कराने की बात कही है। जबकि आदिवासी युवक एवं उसकी पत्नी कई वर्षों से अलग-अलग रहते हंै।
रोजगार सहायक पर आरोप लगाते हुए जयलाल ने कहा है कि मेरे नाम पर दर्ज भूमि में सुधार के नाम पर वर्ष 2018 में 29,000 रु का आहरण कर फर्ज़ी बिल बनाया गया है, जबकि उस दौरान वह रायपुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध था।

जयलाल को इसकी जानकारी तब हुई, जब उसने इस कार्य के साथ नाम का उल्लेख करते हुए नया तालाब के पास नीचे में एक बोर्ड में जानकारी लिखी पाई।
जयलाल के अनुसार प्रशासन के किसी भी व्यक्ति ने उनसे या उनकी पत्नी मोतिन बाई से कोई अनुमति ही नहीं ली गयी। जयलाल ने बोर्ड देखा और अपना खेत जस का तस देखा तो अवाक रह गया। जयलाल ने खेत की फ़ोटो के साथ आवेदन देकर जांच की मांग की है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उसने आगे बताया कि जब खेत सुधार के नाम पर राशि का फर्जी आहरण किया गया है तो अब खेत को वास्तविक रूप से सुधार किया जाय ताकि़ मुख्यमंत्री भूपेश सरकार के किसान न्याय योजना के तहत फसल लेकर अपने परिवार को समृद्ध कर सकूं।
पत्नी से पूछ कर काम कराया
इधर, शासकीय पट्टे की वन भूमि पर काम किये बगैर राशि आहरण करने के मामले में रोजगार सहायक कुबेर साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि जयलाल की जमीन पर उन्होंने उनकी पत्नी की अनुमति से सुधार काम करवाया था। जयलाल की पत्नी अनेक वर्षों से उनसे अलग होकर सराईपाली में रहती है। रोजगार सहायक, जयलाल की पत्नी का नाम भी नहीं बता पाए, वही श्री साहू ने जयलाल को मानसिक बीमार की तरह दिखने वाला इंसान बताया।

जबकि, ग्रामीणों के अनुसार वह मेहनत करने वाला व्यक्ति है। इसके अलावा वन पट्टाधारी मितरू पिता दुखुराम, सखा राम पिता परेऊ , पंच राम पिता दुखु राम, लीलावती पिता दुलार एवम सुंदर साय पिता सोनसाय को वन पट्टा मिला है। इनके नाम से भी किये सुधार और कथित निर्मित डबरी भी जांच के दायरे में है।
बरेकेल चर्चा में रहने वाला गांव
पिथौरा शहर के समीप का ग्राम बरेकेलखुर्द हर समय सुर्खियों में रहता है। कभी शासकीय और आदिवासी जमीन घोटाला,कभी बेनामी संम्पत्ति ज़ब्ती, कभी अवैध शराब में जेल तो कभी र्इंट भट्टा में पलायन करने वालों का न पता चलना। अभी अभी तो 41 लोगों ने अधिक उम्र बताकर पेंशन घोटाला किया है, बड़े झाड़ जंगल जमीन पर सीपीटी नाली को खोदकर जेसीबी से खेत बनाया जा रहा है। वर्षों से श्मशान घाट घोटाले की गूंज चल ही रही है कि ताजा घोटाला ‘जेल’ घोटाले के नाम से उभर कर सामने आया है।