महासमुन्द
सात दिनी महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम अभिव्यक्ति का समापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग महासमुंद के द्वारा शुरू सात दिवसीय महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम अभिव्यक्ति का समापन कल हुआ। टाउनहाल में आयोजित समापन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य अनिता जी रावटे थीं। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलाएं प्रताडि़त होकर चुप न रहें। अपनी तकलीफ पुलिस को, आयोग को बताएं। अब बहुत सार कानून महिलाओं के हक में बनी हुई हैं। इसलिए हिम्मत न हारें बल्कि प्रताडऩा का जवाब दें। चुप न बैठकर अपनी परेशानी अन्य लोगों को बताएं ताकि आरोपी की करतूत सामने आए।
इस कार्यक्रम में मृणाल विदानी ने केसियो में सुुमधुर गीत बजाकर खूब तालियां बटोरीं। जयहिंद कालेज की छात्राओं ने गीत, प्रहन और नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को एसपी विवेक शुक््ला, एएसपी मेघा टेम्भुरकर ने भी संबोधित किया। मालूम हो कि आयोजन सप्ताह में प्रत्येक दिवस पुलिस विभाग के टीम व अंजोर रथ के द्वारा ग्रामीण अंचल, झुग्गी-झोपड़ी, स्कूल-कालेजों में जाकर महिला सुरक्षा, साइबर ठगी, घरेलू हिंसा, यातायात, पाक्सो अधिनियम, छेडख़ानी आदि विषयों पर छात्र-छात्राओं एवं आम जनों को जागरूक करने का प्रयास किया। सात दिवसीय इस अभिव्यक्ति महिला जागरूकता कार्यक्रम का समापन कल सोमवार को टाउन हाल महासमुंद में किया गया।
जिले की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भूरकर ने इस अवसर पर सात दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा व प्रत्येक दिवस जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा अभियान अभिव्यक्ति के माध्यम से संपादित जागरूकता कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी। बताया गया कि महिला सुरक्षा ऐप अभिव्यक्ति प्ले स्टोर में उपलब्ध है। उन्होंने बताया की थाना क्षेत्रों में पुलिस मुख्यालय के द्वारा महिला सुरक्षा जागरूकता विषयों पर बनाये गए चित्र, वीडियो को प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को दिखाकर जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि समाज मे महिलाओं का विशिष्ट स्थान है। न डरें, न सहें, चुप्पी तोडें। आवाज उठाएं। उन्होंने उपस्थित अतिथियों व नागरिकों को जिले में गठित शक्ति टीम, अभिव्यक्ति ऐप, सिटी कोतवाली परिसर में तैयार किये गए संवेदना कक्ष, महिला हेल्पलाइन नम्बर 9479230095 व महिला सुरक्षा, साइबर ठगी पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने नागरिको से अपील की कि आप सभी इंटरनेट मीडिया सावधानी से चलायें एवं अपने-अपने घरों के प्रत्येक सदस्यों को वाहन चलाते समय आवश्यक रूप से यातायात नियमों का पालन करने कहें। इससे वाहन दुर्घटना को कम किया जा सकता है।