महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में शुक्रवार और शनिवार को सिजेरियन डिलीवरी के माध्यम से पांच किलकारियां गूंजी है। इनमें से दो केस जुड़वा बच्चों के रहे।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जुड़वा बच्चों की एक सीजर डिलीवरी प्लानिंग के तहत की गई, वहीं शनिवार को भी एक इमरजेंसी सीजर डिलीवरी की गई। इसमें भी जुड़वा बच्चे हुए। इसी प्रकार शनिवार को ही एक और सीजर डिलीवरी से एक किलकारी गूंजी।
एक्सपट्र्स से मिली जानकारी के अनुसार समय-समय पर गर्भवती महिलाओं की जांच स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में की जाती है। जब गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी टेस्ट कराया जाता है तो इसमें से चिकित्सक जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य को देखते हुए सीजर डिलवरी के लिए तिथि और परिस्थितियों का अनुमान लगाते हैं। साथ ही पहली बार यदि सीजर डिलीवरी वाली अधिकांश गर्भवतियों को दूसरी डिलीवरी में भी सीजर का सामना करना पड़ता है। इसमें सीजर के लिए प्लान करते हैं।
मालूम हो कि जिले के बागबाहरा व पिथौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श बनाने के उद्देश्य से जनवरी माह में ही दोनों सीएचसी में सीजर डिलीवरी की सुविधा शुरू की गई। सीजर डिलीवरी की सुविधा अब बागबाहरा की प्रसूताओं को तो लगातार मिल रही है। लेकिन पिथौरा क्षेत्र की गर्भवतियों को इसके लिए या तो जिला अस्पताल तक की दूरी तय करनी पड़ रही है या फिर निजी अस्पताल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बागबाहरा में अब तक कुल 36 सीजर डिलीवरी हुई तो वहीं पिथौरा में अब तक केवल 3 ही हो पाई है।
बागबाहरा सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर गायनेकोलॉजिस्ट डा. रेवेंद्र साहू ने बताया कि सुअरमाल की एक गर्भवती की सीजर डिलीवरी शुक्रवार को की गई। यह डिलीवरी प्लानिंग के तहत की गई। क्योंकि निजी अस्पताल से आईवीएफ ट्रीटमेंट के माध्यम से महिला गर्भवती हुई थी। प्रसव को लेकर दिक्कत थी, इसलिए बागबाहरा सीएचसी में ही परिजन उसे लेकर पहुंचे थे। इस सीजर ऑपरेशन के बाद दो बेबी ब्वॉय की किलकारियां गूंजी। इसी तरह शनिवार को भी पंडरीपानी की प्रसूता की सीजर डिलीवरी इमरजेंसी केस के तौर पर की गई। हालांकि चिकित्सक ने प्रसूता को होली के बाद की डेट दी थी, लेकिन महिला को शनिवार को ही प्रसवपीड़ा होने लगी तो परिजन उसे लेकर बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आए। डॉक्टरों ने इमरजेंसी ऑपरेशन की और एक बेबी गर्ल और एक बेबी ब्वॉय का जन्म हुआ। इस ऑपरेशन में प्रसूता मनीषा यादव के साथ दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। यह महिला की तीसरी डिलीवरी थी।
बागबाहरा बीएमओ डॉ. आरके कुरुवंशी ने कहा कि जनवरी से शुरू हुए सीजर डिलवरी की सुविधा में हमने प्लानिंग से आगे बढक़र इमरजेंसी में भी सीजर डिलीवरी कराई है। दो दिनों में लगातार दो जुड़वा बच्चों का जन्म सीजर के माध्यम से सफलतापूर्वक हुआ है। आगे भी अपनी सुविधाओं में विस्तार जारी रहेगा। फिलहाल दो और प्लान सीजर डिलीवरी के लिए है, जिसमें गर्भवतियों को अपाइंटमेंट दिया गया है। हमने जनवरी के अंतिम सप्ताह से लेकर अब तक कुल 36 सीजर ऑपरेशन किया है और सभी सीजर डिलीवरी सफल रहे।