महासमुन्द

होली पर हुड़दंग रोकने पुलिस की तैयारी
13-Mar-2022 3:42 PM
होली पर हुड़दंग रोकने पुलिस की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च।
महासमुंद में होली त्यौहार के मद्देनजर शहर में पुलिसिंग व्यवस्था आने वाले दिनों में तगड़ी होने वाली है। चौक-चौराहों पर पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग चलेगी। यही नहीं हुड़दंगियों व स्थाई वारंटियों की धरपक भी शुरू कर दी गई है। होली को ध्यान में रखते हुए कल शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों और सदस्यों ने बारी-बारी से अपनी बातों को रखा और उस पर कार्रवाई करने की बात पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने कही।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने हुड़दंगियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि यदि ऐसा करते हुए पकड़े गए तो पुलिस सीधी कार्रवाई करेगी और ऐसे लोग सीधे 21 को छूट पाएंगे। क्योंकि होली के बाद दो दिन शनिवार व रविवार अवकाश रहेगा। शहर में प्रेशर हार्न, मिस फायर व बेकार गाड़ी चलाने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली जाएगी और उसे भी 21 के बाद छोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर सहित सभी थाना क्षेत्रों में 17 मार्च की सुबह से पेट्रोलिंग शुरू हो जाएगी जो होली समाप्त होने तक चलेगी। इसके अलावा फिक्स प्वाइंट ड्यूटी भी जवानों की लगाई जाएगी। वहीं शहर में यातायात की टीम ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक ने अपील की है कि होली का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।

एसपी ने बताया कि होलिका दहन को लेकर टीम जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि बिजली के तार, ट्रांसफार्मर व सडक़ के बीच होलिका दहन नहीं होगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित कर होलिका दहन समिति के सदस्यों की बैठक लेकर जानकारी देने की बात कही है। शहर में पिछले साल 100 से अधिक जगहों पर होलिका दहन हुआ था। इस बार संख्या बढऩे की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट