महासमुन्द

महिलाओं को दी कानून की जानकारी
12-Mar-2022 7:35 PM
महिलाओं को दी कानून की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 12 मार्च। सृजन कल्याण समाजसेवी संस्था, प्रेरक समिति, छग महिला किसान मंच और ग्राम पंचायत लोहारडीह के संयुक्त तत्वावधान में गुरूवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। लोहारडीह में आयोजित कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सामाजिक महिला कार्यकर्ता हेमलता राजपूत ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को वर्तमान कानूनी अधिकार और कानूनी व्यवस्था पर जानकारी देकर उन्हें मजबूत और सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में 20 गांवों से महिलाएं एकत्रित हुई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम डुमरपाली, बागबाहरा से आई महिलाओं ने गुलाबी गैंग द्वारा नशाबंदी के लिए किए जा रहे प्रयास को विस्तार से बताया। आस्था विमेन संस्था की तारणी चंद्राकर ने महिला सशक्तिकरण पर संकल्प कराया। दूसरी वक्ता के रूप में नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राशि महिलांग ने महिलाओं के लिए चलाए जा रहे योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक14 की जनपद सदस्य निधि लोकेश चंद्राकर ने महिलाओं के योगदान और प्राप्त शक्ति पर जानकारी दी।


अन्य पोस्ट