महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च। जमीन की रजिस्ट्री का काम आने वाली छुट्टियों में भी होगा। राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति आसानी से हो, इसे लेकर शासन ने निर्णय लिया है। होली पर्व और उसके आगे दो दिन यानी कुल तीन दिन ही अवकाश रहेगा। उसके बाद 31 मार्च तक पंजीयन दफ्तर में छुट्टी नहीं रहेगी।
हर दिन जमीन का पंजीयन होगा। इस साल शासन ने पंजीयन की सुस्त रफ्तार और लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए छुट्टी के दिन भी कार्यालय संचालन का निर्णय लिया है। वहीं जिले में लक्ष्य की राशि भी बढ़ा दी है। अब बढ़ी राशि का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विभाग को 20 दिन में 2 करोड़ 47 लाख रुपए का राजस्व और प्राप्त करना है। लक्ष्य आसानी से प्राप्त हो इसके लिए विभाग ने छुट्टी के दिन भी पंजीयन करने का निर्णय लिया है। आदेश के तहत 31 मार्च तक कार्यालय खुले रहेंगे, लेकिन होली पर्व के मद्देनजर तीन दिन लगातार दफ्तर बंद रहेगा।
वित्तीय साल 2021-22 के अंतिम महीने यानी मार्च में जमीन पंजीयन के लिए दफ्तर में भीड़ देखी जा रही है। साल के अंत में जमीन की खरीदी बिक्री और तेज होती है, ताकि नए वित्तीय वर्ष में दर न बढ़ जाए। पहले राजस्व लक्ष्य 36 करोड़ थी, जो अब बढक़र 37.20 करोड़ हो गई है। अभी तक पूर्व लक्ष्य के अनुसार 34.73 करोड़ रुपए के राजस्व के लिए असुविधा न हो इसके लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। पंजीयक दफ्तर छुट्टी के दिन यानी 12 मार्च शनिवार, 13 मार्च रविवार, 26 मार्च शनिवार, 27 मार्च रविवार और 28 मार्च यानी सोमवार को भक्त माता कर्मा जयंती के अवकाश के दिन खुलेेंगे।