महासमुन्द
आधे घंटे बाद मिल सकी मालगाड़ी को पासिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च। एनएच-353 पर ग्राम बेलसोंडा स्थित रेलवे क्रॉसिंग में जाम की समस्या आए दिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को यहां सिग्नल में आई समस्या के कारण आधे घंटे तक फाटक बंद रहा। वहीं इसके चलते एनएच में दोनों ओर 1 किमी तक वाहनों की कतार लग गई। फाटक खुलने के बाद आधे घंटे में जाम क्लीयर हो पाया। इसके चलते लोगों को बहुत परेशानियां हुईं। जानकारी के मुताबिक कल शुक्रवार की सुबह 11 बजे अप लाइन में विशाखापट्नम की ओर जाने के लिए मालगाड़ी बेलसोंडा से रवाना होने वाली थी। इसके चलते रेलवे क्रॉसिंग को बंद किया गया। लेकिन बंद क्रॉसिंग में ट्रेन दूर होने के कारण बाइक सवारों ने जल्दबाजी में क्रॉसिंग के गेट को उठाकर अपनी बाइक निकालने लगे। इसके चलते क्रॉसिंग के लॉक सिस्टम में फॉल्ट आ गया। इससे अप लाइन में खड़ी मालगाड़ी को पासिंग सिग्नल नहीं मिल पाया और आधे घंटे तक फाटक बंद रहा। क्रॉसिंग का लॉक सिस्टम ठीक होने के बाद ही अप लाइन में खड़ी मालगाड़ी रवाना हो पाई।
बेलसोंडा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर गुलाम घोष ने बताया कि क्रॉसिंग गेट को उठाकर आवागमन करने के कारण सिग्नल में फाल्ट हो गया था। इसलिए परेशानी हुई है। जल्द ही लाइन क्लीयर करा दिया गया था। उन्होंने बताया कि जल्दबाजी के कारण पब्लिक गेट लॉक होने के बाद भी उसे उठाकर गाडिय़ां निकालते हैं। इससे सिस्टम में फ ाल्ट आ जाता है। मालूम हो कि वाल्टेयर रूट पहले सिंगल लाइन थी। ऐसे में यहां गाडिय़ों की आवाजाही कम थी। लेकिन अब इस रूट में दोहरीकरण और इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। ऐसे में गाडिय़ों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। वर्तमान में 24 घंटे में इस रूट पर दोनों ओर 70-80 रेल गाडिय़ां चलती हैं।
मालूम हो कि रेलवे की ओर से सुरक्षा की दृष्टि से बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग पर ऑटोमैटिक फाटक लगाया गया है। इसे मैनुवल भी ऑपरेट किया जा सकता है। ऑटोमैटिक गेट होने के कारण क्रॉसिंग के नीचे से गेट को उठाकर बाइक निकालने के चलते क्रॉसिंग का गेट लॉक हो सकता है। ऐसा आए दिन होता है। लोग गेट उठा बाइक पार कराते हैं।