महासमुन्द

चिटफंड कंपनी का डायरेक्टर बलौदाबाजार से बंदी
12-Mar-2022 7:09 PM
चिटफंड कंपनी का डायरेक्टर बलौदाबाजार से बंदी

निवेशकों से अधिक ब्याज और साढ़े पांच साल में राशि दोगुनी करने का लालच देकर की थी ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 मार्च।
निवेशकों से जमा राशि में अधिक ब्याज व साढ़े पांच वर्ष में दोगुना राशि करने का लालच देकर धोखाधड़ी करके फरार होने वाले चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर को पटेवा पुलिस ने बलौदाबाजार से गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि क्षेत्र के लोगों से करीब 3 लाख 87 हजार 200 रुपए लेकर फरार हुआ था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने बताया कि पटेवा सहित विभिन्न क्षेत्र के रहने वाले लोगों की राशि को लेकर फरार होने वाले ग्राम व पोस्ट पिन्डौरा निजरा थाना आदमपुर जिला जालंधर, पंजाब निवासी बलजीत संधु पिता चरणजीत संधु को बलौदाबाजार से गिरफ्तार किया है।

आरोपी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह बीएन गोल्ड रियल स्टेट एवं एलाईड लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर है। इसके खिलाफ  पटेवा थाने में 420, 34 भादवि एवं ईनामी चिटफंड धन परिचालन स्कीम पाबंधी अधिनियम 1978 की धारा 3, 4, 5, 6 मामला दर्ज है। मुखबिर से चिटफंड कंपनी के फरार डायरेक्टर के बलौदाबाजार में होने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने बलौदाबाजार के अलग-अलग ठिकानों में छापामार कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। एएसपी ने बताया कि ग्राम जोगीडीपा पटेवा निवासी चन्द्रशेखर देवांगन पिता नंदकुमार देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि बीएन गोल्ड रियल स्टेट व एलाइड लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टरों के द्वारा अधिक ब्याज और साढे 5 साल में राशि दोगुना करने के एवज में 3 लाख 87 हजार, 200 रुपए लेकर कंपनी बंद कर फरार हो गया है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया था। इसी प्रकार प्रदेश के थाना राजेन्द्र नगर रायपुर, थाना बालोद, थाना गांधीनगर व थाना दरिमा अम्बिकापुर, थाना तारबाहर बिलासपुर, थाना नांदघाट, सिटी कोतवाली बेमेतरा, अन्य राज्य थाना बडवानी, थाना सिटी कोतवाली,  सिहोर, मध्यप्रदेश में भी उक्त कंपनी बीएन गोल्ड रियल स्टेट एवं एलाइड लिमिटेड कंपनी के खिलाफ अपराध दर्ज है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में बीएन गोल्ड रियन स्टेट एवं एलाइड लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टरों एवं एजेंट के खिलाफ 8 आरोपियों को न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है।


अन्य पोस्ट