महासमुन्द
पखवाड़े भर में दो दर्जन से अधिक कुत्तों की मौत संक्रमण के कारण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च। इन दिनों कुत्तों में एक विशेष प्रकार का संक्रमण पारवो देखा जा रहा है। घरेलू कुत्तों का उपचार कराने बड़ी संख्या में पालक पशु औषधालय पहुंच रहे हैं। वहीं घुमंतू कुत्तों का बुरा हाल है। पखवाड़े भर में दो दर्जन से अधिक कुत्तों की मौत संक्रमण के कारण होना बताया जा रहा है। इस संबंध में पशु चिकित्सक डॉ. सीएस चंद्राकर ने बताया कि इन दिनों कुत्तों में पारवो नामक संक्रामक बीमारी का प्रकोप है। यह वायरस जनित रोग है। उन्होंने बताया कि इसका प्रभाव फरवरी से मार्च महीने तक रहता है। यह संक्रमण का चरम समय है। मार्च माह के बाद इसका प्रभाव खत्म हो जाता है।
उन्होंने बताया कि संक्रमण से ग्रस्त कुत्तों में खासकर उल्टी, दस्त, भूख न लगना, यह लक्षण दिखता है। पालतू कुत्तों का टीकाकरण पालक कराते रहते हैं। इसलिए संक्रमण का प्रभाव इनमें कम दिखता है। ऐसे कुत्ते इससे बच जाते हैं। गैर टीकाकृत कुत्ते अपने प्रतिरक्षा तंत्र अनुरूप रोग से लड़ते हैं।
कोई ठीक हो जाता है तो कुछ मर जाते हैं। संक्रमण घेरने के तीन से पांच दिन में उपचार जरूरी है। उपचार न हुआ तो खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि संक्रमण देखते ही कुत्तों का पशु चिकित्सक से उपचार कराना आवश्यक है। इसका उपचार पांच से सात दिन तक चलता है। दवाएं थोड़ी महंगी आती है।