महासमुन्द

बेलटुकरी हाट बाजार में लगे राजस्व कैंप कोर्ट में 200 से ज्यादा राजस्व प्रकरण निराकृत
11-Mar-2022 3:03 PM
बेलटुकरी हाट बाजार में लगे राजस्व कैंप कोर्ट में 200 से ज्यादा राजस्व प्रकरण निराकृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च।
तहसील महासमुंद में तहसीलदारों ने साप्ताहिक हाट बाजारों में कल गुरूवार से हाट बाजार राजस्व कैम्प कोर्ट की शुरुआत की गई है। तहसील महासमुंद स्थित ग्राम बेलटुकरी और जोबा में हाट बाजार राजस्व कैंप कोर्ट लगाया गया। ये कैंप कोर्ट ग्राम के भीड़भाड़ वाले हाट बाजार में ही आयोजित किया गया जिसमें आस पास के ग्रामीण अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए उपस्थित हुए। बीते दोनों राजस्व की समीक्षा बैठक में कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर जनता के राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निपटारा करने हेतु हाटबाजार वाले दिन राजस्व कैम्प कोर्ट लगाने के निर्देश दिए थे। आज शुक्रवार 11 मार्च को यह कैम्प ग्राम झारा में आयोजित है।

कल आयोजित हाट बाजार राजस्व कैंप कोर्ट में 26 नामांतरण के प्रकरणों, 10 द्वितीय किसान किताब, एक एक सीमांकन और बंटवारा, 50 अस्थाई जाति प्रमाण पत्र, 53 निवास प्रमाण पत्र, एक बिक्री नकल, एक सोल्वेंसी प्रकरण और 69 आय प्रमाण पत्र, 4 अभिलेख शुद्धता के प्रकरणों का तहसीलदारों द्वारा स्थल पर ही निराकृत किया गया।

इसके अलावा राजस्व रिकॉर्ड संबंधी बहुत सी जानकारी आमजनों को दी गयी। बी 1 वाचन व निस्तार भूमियों के संरक्षण की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी गयी। कुछ निर्माण संबंधी व सीमा विवाद सम्बन्धी आवेदनों पर सर्व संबंधित के तर्कों के आधार पर व पंचायत स्तर पर चर्चा कर उक्त पर समझाइश व निराकरण किया गया।

अनुविभागीय दंडाधिकारी भागवत जायसवाल ने बताया कि इस तहसील में अपनाए गए इस नवाचार व जन उपयोगी बाजार हाट कैम्प में आम ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष राजस्व सम्बन्धी विवादों को सुना गया। उनकी राजस्व विवादों या समस्याओं को आम जनता के समक्ष सुनने से आम राय या जनसुनवाई के साथ राजस्व कानून के तहत सुनवाई करने व निराकरण करने में बेहद कारगार सिद्ध हो रहा है। यह राजस्व सेवाओं व विवाद निपटान के त्वरित व सरल खुली सुनवाई के लिए एक अनुकरणीय पहल साबित होगी।
 


अन्य पोस्ट