महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मार्च। महासमुंद एसडीएम के पक्ष में अब राजस्व विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उतर आए हैं। कल बुधवार को पटवारी, कोटवार, लिपिक, राजस्व निरीक्षक, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी, कनिष्ठ राजपत्रित अधिकारी, ऑपरेटर संघ व तहसील कर्मचारी संघ के पदाधिकारी कलेक्टोरेट पहुंचे और महासमुंद एसडीएम को पद से नहीं हटाने की मांग कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर से की। साथ ही इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को बताया कि महासमुंद एसडीएम भागवत जायसवाल की कार्यशैली के कारण ही आज पक्षकारों को अनावश्यक रूप से परेशान होना नहीं पड़ रहा है और उन्हें त्वरित न्याय मिल रहा है। राजस्व न्यायालय में पूर्व में बहुत अधिक राजस्व प्रकरण लंबित थे, जो आज नस्ती हो चुके हैं। कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि एसडीएम को हटाया जाता है तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
मालूम हो कि महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित गांधी प्रतिमा के सामने अधिवक्ता संघ एसडीएम महासमुंद को हटाने की मांग पर डटे हुए हैं। अधिवक्ता संघ लगातार एसडीएम को हटाने की मांग कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर से मिलकर एसडीएम को हटाने की मांग की थी।