महासमुन्द

16 मार्च को पालिका बजट पेश करेगी, नया बस स्टैंड, नया पालिका भवन, महिला बाजार, दुकान निर्माण दूसरी बार शामिल
09-Mar-2022 4:36 PM
16 मार्च को पालिका बजट पेश करेगी, नया बस स्टैंड, नया पालिका भवन, महिला बाजार, दुकान निर्माण दूसरी बार शामिल

इंडोर स्टेडियम का काम 2017-18 में शुरू हुआ था, जो अधूरा पड़ा है

पालिका दो स्थानों पर मल्टी लेवल सिटी पार्किंग की बनाने का सपना देख रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 मार्च। बजट में मुहर लगने के सालभर बाद भी महासमुंद के लोगों को नया बस स्टैंड, नया पालिका भवन, महिला बाजार व पुराना पानी टंकी के पास दुकान निर्माण की सौगात नहीं मिली है। पिछले साल बजट में इन्हें शामिल किया गया था, लेकिन कोविड के चलते न तो बजट पास हुआ और न ही शासन से इन कार्यों के लिए राशि आबंटित हुई। अब एक बार फिर से पालिका इन कार्यों को बजट में शामिल कर रही है। जानकारी मिली है कि आगामी 16 मार्च को पालिका का बजट पेश किया जाएगा। बजट को लेकर इस साल भी लोगों को काफी उम्मीद है। क्योंकि पिछले दो सालों से नगर को किसी भी प्रकार की कोई बड़ी सौगात नहीं मिल पाई है। चर्चा है कि अधूरे प्रोजेक्ट को भी इस बार बजट में शामिल कर पूरा किया जाएगा।

इस संबंध में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि बजट को लेकर तैयारी चल रही है। इस साल जनता को सुविधा प्रदान करने के लिए बजट में विकास के कई काम शामिल किए गए हैं। जनता की सुविधाओं को लेकर बजट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो सालों से कोविड के कारण शासन से राशि नहीं मिली। इस कारण भी पहले के कार्य अधूरे हैं। जिन्हें इस बजट में पेश कर शासन से राशि मांग ली जाएगी।

मालूम हो कि शहर में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का काम 2017-18 में शुरू हुआ था जो अधूरा पड़ा है। मल्टीलेवल सिटी पार्किंग शहर के लिए जरूरी माना जा रहा है क्योंकि शहर में पार्किंग की बड़ी समस्या है। इसे देखते हुए पालिका दो स्थानों पर मल्टी लेवल सिटी पार्किंग की बनाने का सपना देख रही है। लेकिन दो सालों में इसका काम ही शुरू नहीं हो पाया है। इसी तरह शहर के बीटीआई मार्ग में 47 लाख रुपए की लागत से चौपाटी का निर्माण पालिका ने कराया है। लेकिन इसका लाभ फुटकर व्यापारियों को नहीं मिल पा रहा है। बेचारे शहरवासी चौपाटी के उद्घाटन का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि चौपाटी का निर्माण पूरा हो गया है। इसके बाहर ठेले और खोमचे भी लगे हुए हैं लेकिन वहां पहुंच रहे लोगों के बैठक की व्यवस्था नहीं है।

अत: आंशिक परिवर्तन के कारण इसे शुरू करने में पालिका लेटलतीफी कर रही है। इसका निमार्ण पूरे हुए तीन साल बीत गए हैं। नपाध्यक्ष ने बताया कि 16 मार्च को पालिका बजट पेश करेगी। बजट में कई निर्माण कार्य शामिल किए गए हैं। जनता को सभी प्रकार की सुविधा मिले इसका ध्यान रखा गया है। पार्षदों से भी उनके वार्डों में सुविधा मिले, उन्हें निर्माण कार्य के लिए प्लान तैयार करने को कहा हैै।

 


अन्य पोस्ट