महासमुन्द
बुजुर्गों को कपड़ा और किसानों को कृषि औजार दिए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा/महासमुंद, 7 मार्च। वनांचल में बसे ग्राम टुहलू में 65वीं बटालियन सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने कल रविवार को सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों को भयमुक्त जीवन यापन के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों को कपड़ा और किसानों को कृषि औजार दिए। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 65 बटालियन में सिविक एक्शन प्रोग्राम का शुभारंभ रविंद्र सिंह उप कमांडेंट सीआरपीएफ के आतिथ्य में कराया गया। इस अवसर पर 65 बटालियन की परिचालनिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव टुहलू खैरटकला, भलेसर, पलसीपानी, टेका, चोरभ_ी, कछारडीही सहित आसपास के ग्रामीण मौजूद थे।
इस दौरान रविन्द्र सिंह उप कमांडेंट ने सिविक एक्शन प्रोग्राम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस शिविर का आयोजन जनता को पुलिस के साथ जोडऩे व मित्रता स्थापित करना है। जनता की सहभागिता के साथ समस्याओं के निराकरण करने के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा, तब कहीं क्षेत्र का विकास किया जा सकता है आसपास की कोई भी समस्या हो तो पुलिस को बताएं। हमारे जवान आपकी सुरक्षा, सहायता व आप सभी के सहयोग के लिए इस प्रकार के शिविर लगाकर हर संभव मदद करेंगे।
पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। पुलिस अपराधों को रोकने के साथ-साथ आपकी समस्याओं को भी सुनने तैयार है। इस अवसर पर 65 बटालियन के उप कमांडेंट रविन्द्र सिंह ने ग्रामीणों को भयमुक्त जीवन यापन करने के लिए प्रोत्साहित किया। सिविक एक्सन प्रोग्राम में सीआरपीएफ के जवानों ने ग्राम के बच्चों को, बुजुर्गों को कपड़ा, कंबल व किसानों को खेती करने के लिए औजार सामग्री प्रदान किया।