महासमुन्द

30 जून तक सभी रूट की ट्रेनों में हो चुकी बुकिंग, जुलाई से मिलने लगेगी सुविधा
05-Mar-2022 4:15 PM
30 जून तक सभी रूट की ट्रेनों में हो चुकी बुकिंग, जुलाई से मिलने लगेगी सुविधा

रेलवे ने जारी किया सर्कुलर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च।
महासमुंद लोकल एक्सप्रेस व सुपर फास्ट ट्रेनों में जनरल टिकट लेकर सफर करने के लिए रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश जारी होने के बाद भी इस सुविधा का लाभ पाने के लिए यात्रियों को करीब 120 दिन का इंतजार करना पड़ेगा। इसका कारण ट्रेनों में पूर्व से यात्रियों द्वारा कराया गया आरक्षण है। 30 जून तक इन रूटों पर चलने वाली ट्रेनों की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। ऐसे में रेलवे की ओर से यकायक इस नियम को लागू नहीं किया जा सकेगा। इस संबंध में संबलपुर रेलवे डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी त्रिबिक्रम सेठ का कहना है कि बोर्ड ने जनरल टिकट के लिए आदेश दिया है। लेकिन जुलाई से नियम फ ॉलो होगा। जून तक पहले से ही टिकट का आरक्षण हो चुका है।

बोर्ड के मार्केटिंग विभाग के निदेशक ने जारी आदेश में कहा है कि एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल बोगियां होती हैं। इसमें अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को सफर करने की अनुमति होती है। कोरोना की वजह से इस व्यवस्था को बंद किया गया था। जो ट्रेनें चल रही हैं, वह पूरी तरह आरक्षित हैं। पहले टिकट लेकर सीधे ट्रेन में बैठ जाते थे। अब उसी आदेश को पुन: बहाल किया जा रहा है। एक्सप्रेस ट्रेन में फिलहाल एमएसटी की सुविधा नहीं पिछले दिनों यात्रियों की सुविधा के लिए मासिक पास बनाने का आदेश जारी किया गया। लेकिन यह सुविधा सिर्फ लोकल, पैसेंजर ट्रेनों के लिए है। पहले एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जनरल बोगी में बैठने के लिए मासिक पास की सुविधा थी। फिलहाल इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

जानकारी अनुसार रेलवे बोर्ड ने कोविड 19 की वजह से बंद की गई 16 हजार ट्रेनों को पुन: ट्रैक पर लाने का आदेश दिया है। इससे पुरी व विशाखापट्नम की ओर से चलने वाली बंद ट्रेनों के जल्द चलने की संभावना है। इन दिनों कम संख्या में ट्रेनें चल रही हैं। इसमें कुछ ही नियमित हैं। इसके अलावा लाइफलाइन माने जाने वाली ट्रेन पुशपुल व पैसेंजर बंद है। इनके चालू होने के बाद ही यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने कोविड.19 की वजह से बंद की गई 16 हजार ट्रेनों को पुन: ट्रैक पर लाने का आदेश दिया है। इससे पुरी व विशाखापट्नम की ओर से चलने वाली बंद ट्रेनों के जल्द चलने की संभावना है।


अन्य पोस्ट