महासमुन्द

80 लाख के गांजा संग 4 बंदी
05-Mar-2022 4:09 PM
80 लाख के गांजा संग 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च।
महासमुंद जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गांजा तस्करी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो कार में 40-40 लाख कीमत का 2-2 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है। आरोपी दो अलग-अलग वाहन से ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते बिलासपुर और एमपी जा रहे थे। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि इन दोनों ही स्थान में गांजा खपाने की तैयारी थी।

कल शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि सरायपाली पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस की टीम लगातार गश्त करने के साथ वाहनों की जांच कर रही थी। इसी क्रम में सरायपाली पुलिस की एक टीम को पदमपुर रोड जोगनीपाली मोड़ के पास तैनात थी। वाहनों की जांच के दौरान ओडिशा की ओर से कार क्रमांक सीजी 04 डीए 0009 आई। पुलिस ने जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो चालक हड़बड़ा गया और कार को तेज गति से भगाने लगा। इसके बाद पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर कार को रोका और तलाशी ली। कार की डिक्की और पिछले सीट के नीचे से 112 पैकेट गांजा मिला।

पुलिस ने इस मामले में कृष्णा रौतेल 32 साल साकिन भालूमाड़ा थाना भालूमाड़ा जिला अनुपपुर एमपी और जसवंत सिंह 32 साल साकिन तारबहार चौक बिलासपुर को पकड़ा है। दोनों ने पूछताछ में बताया कि ये लोग डोंगरीपाली ओडिशा से गांजा लेकर बिलासपुर जा रहे थे। कार्रवाई में थाना प्रभारी सरायपाली आशीष वासनिक, उपनिरीक्षक स्वराज त्रिपाठी सहित अन्य शामिल थे।

दूसरे मामले में सिंघोड़ा पुलिस ने महाराष्ट्र पासिंग एक कार से 90 किलो गांजा बरामद किया है। दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से गांजा लेकर रीवा जा रहे थे। एनएच.53 में रेहटीखोल बॉर्डर पर वाहनों की जांच जारी थी। ओडिशा की ओर से कार क्रमांक एमएच 01 एई 7128 आई। मौके पर मौजूद टीम ने जब कार को रोककर पूछताछ शुरू की तभी चालक ने गाड़ी को आगे बढ़ा दिया और भागने लगा। हालांकि कुछ ही दूर पर इन्हें रोक लिया गया। उसमें आरोपी प्रदीप शुक्ला 26 साल, रवेंद्र साकेत 22 साल दोनों निवासी रीवा सवार थे। दोनों को ििगरफ्तार किया गया है।
 


अन्य पोस्ट