महासमुन्द

परसकोल स्कूल में पालकों ने जड़ा ताला
05-Mar-2022 4:06 PM
परसकोल स्कूल में पालकों ने जड़ा ताला

शिक्षकीय व्यवस्था सुधारने का भरोसा मिला तब पढ़ाई शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च।
महासमुंद जिले के प्राथमिक स्कूल ग्राम परसकोल में पालकों ने शिक्षकों की कमी को लेकर कल शुक्रवार को स्कूल में ताला जड़ दिया। पालकों का कहना था कि जब तक स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक स्कूल नहीं खोला जाएगा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्कूल में पर्याप्त शिक्षक की पदस्थापना की जाएगी तब जाकर ग्रामीणों ने ताला खोला और पढ़ाई व्यवस्था फिर से बहाल हुई। इस दौरान करीब दो घंटे तक स्कूल में तालाबंद रहा। यह घटना कल शुक्रवार सुबह की है। तालाबंदी की सूचना पर स्कूल पहुंचे ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेन्द्र प्रताप साहू ने अभिभावकों से चर्चा की। साथ ही जल्द व्यवस्था सुधार करने का आश्वासन देते हुए स्कूल का ताला खुलवाया।

जानकारी अनुसार कल शुक्रवार को स्कूल में ताला लगाने के साथ ही पालकों ने बच्चों को स्कूल से बाहर बुला लिया। गांव के किशन देवांगन, गेमन साहू, सरजू ध्रुव, संदीप चंद्राकर, हेमलाल कोसरे और रवि निषाद ने बताया कि शाला में 85 बच्चे पढ़ाई करते हैं। प्राथमिक स्कूल प्रधान पाठक इंदिरा प्रधान, मनोरमा चंद्राकर, मंजूलता साहू और धनेश्वरी साहू पदस्थ थीं। बीते 28 अगस्त 2021 को धनेश्वरी साहू को व्यवस्थापन के तहत प्राथमिक शाला भानपुर ब्लॉक बागबाहरा भेज दिया गया। कुछ दिनों बाद परसकोल में व्यवस्थापन के तहत अंजुम शेख को भेजा गया। जब व्यवस्थापन समाप्त हुआ तो 18 फरवरी को अंजुम शेख अपने मूल स्कूल में लौट गई। लेकिन अभी तक धनेश्वरी यहां नहीं लौटी हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले ही प्रदेशभर के स्कूलों में पूर्व में हुए अटैचमेंट को समाप्त करने का आदेश दिया था। इस आदेश का पालन होने लगा है और स्कूलों में व्यवस्थापन के तौर पर पदस्थ शिक्षकों को अपने मूल स्कूल लौटना पड़ रहा है। लेकिन परसकोल के प्राथमिक स्कूल से पदस्थापना पर बागबाहरा ब्लॉक के भानपुर गई एक शिक्षिका अब तक नहीं लौटी है। जबकि इसी स्कूल में व्यवस्थापन के तौर पर पदस्थ एक शिक्षिका अपने मूल स्कूल लौट चुकी हैं।

इसके चलते परसकोल स्थित प्राथमिक शाला में अब केवल 2 शिक्षक रह गए हैं। जिनके जिम्मे 85 विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी कराना है। सहायक संचालक हिमांशु भारतीय ने बताया कि परसकोल से व्यवस्थापन के तहत भानपुर गई शिक्षिका को वहां से रिलीव कर दिया गया है। पर वह वर्तमान में मेडिकल लीव पर है।


अन्य पोस्ट