महासमुन्द

तीन फीट खुदाई के बाद कब्र से निकला तीन खरगोशों का शव
04-Mar-2022 4:17 PM
तीन फीट खुदाई के बाद कब्र से निकला तीन खरगोशों का शव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मार्च।
महासमुंद जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर झलप में मसीही समाज के कब्रिस्तान में अज्ञात शव के अंतिम संस्कार के संदेह में तहसीलदार एसके कुर्रे व मसीही समाज के लोगों की उपस्थिति में कब्र की खोदाई की गई। करीब तीन फीट खोदाई के बाद कब्र से खरगोश का तीन शव मिला। जिसे देखने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। शव देखने से पहले आक्रोशित लोग, कब्र से खरगोश देखकर हंस पड़े।
लोग यह अनुमान लगा रहे हैं कि आसपास के बच्चे मसीही शव का अंतिम संस्कार होता देखते हैं, इसलिए खरगोश के शव का भी इसी प्रकार अंतिम संस्कार किया गया होगा।

हालांकि एक साथ खरगोश के तीन शवों को लेकर भी लोग चर्चा करते नजर आये। यह भी पड़ताल जारी है कि आसपास खरगोश कौन पालता है। मालूम हो कि कल गुरूवार सुबह ग्राम झलप स्थित मसीही समाज के कब्रिस्तान में अज्ञात शव का अंतिम संस्कार देखकर लोग नाराज हुए। इसकी पड़ताल की गई। बाद जानकारी न मिलने पर कब्र खोदने का आग्रह तहसीलदार से किया गया। समाज की अध्यक्ष शीलू सिंह व जान सेमसन मसीह ने बताया कि झलप में मसीही समाज के 14 घर और करीब 40 सदस्य हैं। किसी घर में बीते सप्ताह भर या इससे पहले कोई शोक नहीं हुआ है।

झूमर तालाब से लगे करीब आधा एकड़ के कब्रिस्तान में किसने अंतिम संस्कार किया, यह सवाल आसपास रहने वालों से भी पूछा गया। यहां तक कि गर्भपात की भी जानकारी अस्पताल से ली गई। चुंकि क्रब डेढ़ फीट लंबा और डेढ़ फीट चौड़ा था, लिहाजा अनुमान लगाया जा रहा था कि किसी ने बच्चे के शव का दफन किया है। या फिर घरेलू पालतू पशु का भी दफन किया होगा। आखिरकार पालतू पशु के अंतिम संस्कार का संदेह सही निकला।
 


अन्य पोस्ट